कंगना रनौत स्टारर फिल्म *’भारत भाग्य विधाता’* 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। रिलीज के साथ ही फिल्म को कई नई फिल्मों और पहले से चल रही फिल्मों से कड़ी टक्कर का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में बॉक्स ऑफिस पर इसकी शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही और पहले दिन से ही फिल्म दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने के लिए संघर्ष करती नजर आई।
हालांकि दूसरे दिन फिल्म की कमाई में कुछ सुधार देखने को मिला, जिससे मेकर्स को राहत मिली। अब सभी की निगाहें तीसरे दिन यानी रविवार के कलेक्शन पर टिकी हैं, क्योंकि वीकेंड का आखिरी दिन किसी भी फिल्म के लिए बेहद अहम माना जाता है।
मनोज तापड़िया के निर्देशन में बनी यह फिल्म 26/11 मुंबई आतंकी हमलों के दौरान अपनी जान जोखिम में डालकर मरीजों की सेवा करने वाले हेल्थकेयर वर्कर्स की कहानी को सामने लाती है। फिल्म में कंगना रनौत ने मुख्य भूमिका निभाई है और उन्होंने अपने बैनर *मणिकर्णिका फिल्म्स* के तहत इसे सह-निर्मित भी किया है।
फिल्म को समीक्षकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया और सराहना मिली है, लेकिन अच्छी समीक्षाओं के बावजूद यह बॉक्स ऑफिस पर अपेक्षित प्रदर्शन करने में अब तक सफल नहीं हो पाई है। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि रविवार की कमाई फिल्म के कुल कारोबार को कितनी मजबूती दे पाती है।
बॉक्स ऑफिस ट्रैकिंग वेबसाइट सैकनिल्क की शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार, भारत भाग्य विधाता ने रिलीज के तीसरे दिन यानी रविवार को लगभग 1.80 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। इसके साथ ही घरेलू बॉक्स ऑफिस पर फिल्म की कुल नेट कमाई बढ़कर 4.25 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है।
रविवार को फिल्म के कारोबार में पहले दो दिनों की तुलना में बेहतर प्रदर्शन देखने को मिला। हालांकि शो की संख्या दूसरे दिन के 1,956 से घटकर तीसरे दिन 1,914 रह गई, लेकिन दर्शकों की मौजूदगी में सुधार दर्ज किया गया। फिल्म की औसत ऑक्यूपेंसी करीब 21 प्रतिशत रही, जो वीकेंड के आखिरी दिन दर्शकों की बढ़ती दिलचस्पी का संकेत देती है।