बिहार में केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) द्वारा कांस्टेबल भर्ती प्रक्रिया के तहत लिखित परीक्षा का आयोजन किया गया। आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, 4,236 रिक्त पदों पर नियुक्ति के लिए भर्ती प्रक्रिया के प्रथम चरण में राज्यभर के 544 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की गई।
परीक्षा दो पालियों में संपन्न हुई। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक, जबकि दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की गई। भर्ती परीक्षा के लिए कुल 11,04,473 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 5,52,236 उम्मीदवारों को प्रवेश पत्र जारी किए गए। अनुमान के मुताबिक, परीक्षा में करीब 5.50 लाख अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया।
सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम
परीक्षा को निष्पक्ष और कदाचारमुक्त बनाए रखने के लिए राज्यभर में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई थी। जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों की निगरानी में सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए। अभ्यर्थियों को प्रवेश से पहले सघन जांच प्रक्रिया से गुजरना पड़ा।
इसके अलावा परीक्षा के दौरान सभी उम्मीदवारों की बायोमेट्रिक सत्यापन प्रक्रिया के तहत अंगूठे के निशान लिए गए तथा फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी कराई गई। परीक्षा की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरों की लाइव स्ट्रीमिंग का उपयोग किया गया, जिसकी मॉनिटरिंग केंद्रीय चयन पर्षद मुख्यालय में स्थापित कमांड एंड कंट्रोल रूम से की गई।
परीक्षा केंद्रों पर जैमर और कड़ी निगरानी
भर्ती परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष बनाए रखने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर जैमर लगाए गए थे, ताकि किसी भी प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक धोखाधड़ी को रोका जा सके। विभाग के अनुसार, परीक्षा शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हुई।
हालांकि प्रारंभिक जांच में 10 अभ्यर्थियों की संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्तता सामने आई है। इनमें से 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि सभी 10 अभ्यर्थियों के खिलाफ संबंधित जिलों में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में भभुआ, नवादा, मुजफ्फरपुर और दरभंगा से एक-एक, पूर्णिया से दो तथा अररिया से एक अभ्यर्थी शामिल है। वहीं प्राथमिकी दर्ज किए गए मामलों में गया से एक, भभुआ से दो, नवादा से एक, मुजफ्फरपुर से एक, दरभंगा से एक, पूर्णिया से तीन और अररिया से एक अभ्यर्थी का नाम शामिल है।
प्रशासन का कहना है कि परीक्षा प्रक्रिया की निगरानी लगातार की जा रही है और कदाचार में शामिल पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।