यूपी में गर्मी-बिजली कटौती से हाहाकार, जगह-जगह विरोध प्रदर्शन

 

उत्तर प्रदेश में बढ़ती गर्मी और लगातार हो रही बिजली कटौती ने लोगों की मुश्किलें दोगुनी कर दी हैं। एक ओर तापमान तेजी से बढ़ रहा है, तो दूसरी ओर राजधानी Lucknow में अघोषित बिजली कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या ने हालात और बिगाड़ दिए हैं।

भीषण गर्मी के बीच परेशान लोगों का गुस्सा आखिरकार सड़क पर नजर आया। कई इलाकों में लोगों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए सड़कों पर जाम लगा दिया और बिजली व्यवस्था के खिलाफ नाराजगी जताई। देर रात कई जगहों पर बिजली सब-स्टेशनों और पावर हाउस का घेराव भी किया गया, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

दुबग्गा इलाके में सबसे ज्यादा आक्रोश देखने को मिला, जहां स्थानीय लोगों ने सड़क पर सीढ़ी रखकर रास्ता पूरी तरह बंद कर दिया। इसके चलते कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया और आवागमन बुरी तरह प्रभावित हुआ।

राजधानी के फैजुल्लागंज, दुबग्गा, आलमनगर, राजाजीपुरम, नादरगंज और केसरी खेड़ा जैसे इलाकों में लगातार हो रही बिजली कटौती से लोग पहले से ही परेशान थे, जिसके बाद यह विरोध और तेज हो गया।

लखनऊ में लगातार हो रही बिजली कटौती को लेकर सरोजनी नगर के विधायक Dr. Rajeshwar Singh ने ऊर्जा मंत्री A.K. Sharma को पत्र लिखकर चिंता जताई है। अपने पत्र में उन्होंने राज्य की बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सिंगापुर और अमेरिका जैसे मॉडल अपनाने का सुझाव भी दिया है।

विधायक ने कहा कि राजधानी Lucknow सहित कई इलाकों में भीषण गर्मी के दौरान बार-बार बिजली कटौती होना गंभीर समस्या बन चुकी है। उनके अनुसार, लगातार बिजली बाधित होने, लो वोल्टेज, ट्रांसफॉर्मर ओवरलोड और फ्यूज फेलियर जैसी शिकायतों के समाधान में देरी के कारण जनता में असंतोष बढ़ता जा रहा है।

उन्होंने यह भी कहा कि यह समस्या केवल इस वर्ष की नहीं है, बल्कि पिछले साल भी इसी तरह की स्थिति देखने को मिली थी, जब लोगों ने बड़े पैमाने पर शिकायतें दर्ज कराई थीं। डॉ. राजेश्वर सिंह के मुताबिक, मौजूदा और पिछले दोनों वर्षों की समस्याओं को देखते हुए बिजली व्यवस्था में तत्काल और ठोस सुधार की आवश्यकता है।

उन्होंने विशेष रूप से अपने विधानसभा क्षेत्र सरोजनी नगर का उल्लेख करते हुए बताया कि वहां लंबे समय तक बिजली कटौती और लो वोल्टेज की समस्या सबसे ज्यादा गंभीर बनी हुई है, जिससे आम जनता को लगातार कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *