गुजरात टाइटंस के खिलाफ मिली करारी हार के साथ ही IPL 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स का सफर खत्म हो गया। इस हार से टीम पहले ही निराश थी, लेकिन इसके बाद उन्हें एक और बड़ा झटका लग गया।
बीसीसीआई ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेले गए मैच में स्लो ओवर रेट के चलते चेन्नई सुपर किंग्स पर कार्रवाई की है। इस मामले में कप्तान समेत पूरी टीम को दोषी पाया गया और उन पर जुर्माना लगाया गया है।
यह इस सीजन में दूसरी बार है जब चेन्नई सुपर किंग्स ने निर्धारित समय में ओवर पूरे नहीं किए। इससे पहले भी टीम एक मुकाबले में इसी गलती की वजह से चेतावनी और पेनल्टी झेल चुकी थी। बार-बार हुई इस गलती के चलते इस बार सख्त कार्रवाई की गई है।
नियमों के अनुसार कप्तान रुतुराज गायकवाड़ पर 24 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। वहीं इम्पैक्ट प्लेयर सहित टीम के बाकी सभी खिलाड़ियों पर भी आर्थिक दंड लगाया गया है। प्रत्येक खिलाड़ी पर 6 लाख रुपये या उनकी मैच फीस का 25 प्रतिशत (जो भी कम हो) जुर्माना लगाया गया है।
इस कार्रवाई के बाद टीम मैनेजमेंट और खिलाड़ियों पर अतिरिक्त दबाव बढ़ गया है, क्योंकि यह सीजन उनके लिए पहले ही निराशाजनक साबित हो चुका है।
ऋतुराज गायकवाड़ की कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स का IPL 2026 सीजन बेहद निराशाजनक रहा। टीम 14 मुकाबलों में केवल 6 मैच ही जीत पाई, जबकि बाकी मैचों में उसे हार का सामना करना पड़ा। 12 अंकों और -0.345 के खराब नेट रन रेट के कारण चेन्नई प्लेऑफ में जगह बनाने में असफल रही। यह लगातार तीसरा सीजन है जब CSK नॉकआउट चरण तक नहीं पहुंच सकी। टीम ने आखिरी बार 2023 में एमएस धोनी की कप्तानी में खिताब जीता था।
गुजरात टाइटंस के खिलाफ मिली 89 रनों की हार चेन्नई के लिए आईपीएल इतिहास में रनों के अंतर से सबसे बड़ी हार साबित हुई। इस मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट पर 229 रन बनाए। जवाब में चेन्नई सुपर किंग्स की पूरी टीम 13.4 ओवर में 140 रन पर सिमट गई।
इस पूरे सीजन में चेन्नई की सबसे बड़ी कमी अनुभवी खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी भी रही। खासकर एमएस धोनी की कमी टीम को लगातार महसूस हुई, जो चोट के चलते इस बार एक भी मैच नहीं खेल सके। उनकी अनुपस्थिति का असर टीम के प्रदर्शन और संतुलन दोनों पर साफ दिखाई दिया।