टी20 वर्ल्ड कप चैंपियन टीम इंडिया का खराब दौर जारी, जीत से दूर भारतीय टीम

 

भारतीय टीम ने 2026 में टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम कर इतिहास रचा था। टूर्नामेंट के दौरान टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। वर्ल्ड कप से पहले भी भारत टी20 इंटरनेशनल में बेहतरीन लय में नजर आ रहा था, लेकिन खिताब जीतने के बाद टीम का प्रदर्शन पूरी तरह बदल गया।

चौंकाने वाली बात यह है कि टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद भारतीय टीम इस फॉर्मेट में अब तक एक भी मुकाबला अपने नाम नहीं कर सकी है। लगातार जीत दर्ज करने वाली टीम अब जीत की तलाश में संघर्ष करती दिख रही है। आइए जानते हैं कि विश्व विजेता बनने के बाद टी20 इंटरनेशनल में टीम इंडिया का प्रदर्शन कैसा रहा है।

आयरलैंड दौरे पर नहीं खुला जीत का खाता

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के समापन के बाद भारतीय खिलाड़ी आईपीएल में व्यस्त हो गए, जिसके चलते टीम ने करीब दो महीने तक कोई अंतरराष्ट्रीय मुकाबला नहीं खेला। आईपीएल खत्म होने के बाद भारत ने आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों की टी20 सीरीज से मैदान पर वापसी की, लेकिन यह दौरा निराशाजनक साबित हुआ। टीम इंडिया दोनों मुकाबले हार गई और सीरीज 2-0 से गंवानी पड़ी।

चार मैच, एक भी जीत नहीं

आयरलैंड सीरीज के बाद भारतीय टीम इंग्लैंड दौरे पर पहुंची। हालांकि यहां भी टीम की मुश्किलें जारी रहीं। चेस्टर-ली-स्ट्रीट में खेला गया पहला टी20 मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया, जबकि मैनचेस्टर में खेले गए दूसरे मैच में इंग्लैंड ने भारत को चार विकेट से हरा दिया।

इस तरह टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद भारत ने अब तक चार टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। इनमें तीन में हार मिली, जबकि एक मुकाबला बिना नतीजे के समाप्त हुआ। यानी विश्व विजेता बनने के बाद टीम अभी तक जीत का स्वाद नहीं चख सकी है।

श्रेयस अय्यर की कप्तानी की कठिन शुरुआत

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में चैंपियन बनने के बाद भारतीय टीम की कमान श्रेयस अय्यर को सौंपी गई। हालांकि, नए कप्तान के तौर पर उनकी शुरुआत उम्मीदों के मुताबिक नहीं रही। उनकी कप्तानी में भारत शुरुआती चार टी20 मुकाबलों में एक भी जीत दर्ज नहीं कर पाया।

अब 7 जुलाई को होने वाला अगला मैच भारत के लिए बेहद अहम माना जा रहा है। टीम इस मुकाबले को जीतकर सीरीज में 1-1 की बराबरी करना चाहेगी। अगर भारत ऐसा नहीं कर सका तो इंग्लैंड सीरीज में 2-0 की मजबूत बढ़त बना लेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *