ब्लैक सी में कमर्शियल जहाज पर हमला, दो विदेशी नागरिकों की मौत; तीन भारतीय क्रू मेंबर सुरक्षित

बुखारेस्ट: ब्लैक सी में एक कमर्शियल जहाज को निशाना बनाए जाने की घटना सामने आई है। MV ROYAD MAMMADOV पर हुए हमले में दो विदेशी क्रू मेंबर्स की मौत हो गई, जबकि जहाज पर मौजूद तीन भारतीय क्रू सदस्य सुरक्षित बताए जा रहे हैं। घटना के बाद घायल क्रू मेंबर्स को इलाज के लिए रोमानिया ले जाया गया।

रोमानिया स्थित भारतीय दूतावास ने बताया कि ब्लैक सी में जहाज पर हमला होने के बाद कुछ क्रू मेंबर्स घायल हुए थे। उन्हें तत्काल मेडिकल सहायता के लिए रोमानिया के कॉन्स्टांटा स्थित अस्पताल पहुंचाया गया। भारतीय मिशन ने पुष्टि की कि जहाज पर मौजूद तीनों भारतीय नागरिक सुरक्षित हैं। इनमें से एक भारतीय क्रू मेंबर को चोट लगी है और उसका अस्पताल में इलाज जारी है।

भारतीय दूतावास लगातार संपर्क में

भारतीय दूतावास ने बताया कि वह अस्पताल प्रशासन और स्थानीय अधिकारियों के लगातार संपर्क में है। भारतीय नागरिकों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है और उन्हें हर जरूरी सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

रोमानिया में भारत के राजदूत मनोज मोहपात्रा ने कॉन्स्टांटा काउंटी अस्पताल पहुंचकर भर्ती तीनों भारतीय क्रू मेंबर्स से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने उनकी स्थिति के बारे में जानकारी ली और अस्पताल प्रशासन से भी बात की।

अस्पताल के चीफ फिजिशियन ने भारतीय राजदूत को बताया कि तीनों भारतीय नागरिकों की हालत फिलहाल अच्छी है और उन्हें आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं दी जा रही हैं। भारतीय मिशन ने कहा है कि वह इस मामले में संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय बनाए हुए है और भारतीय क्रू सदस्यों की सुरक्षा एवं इलाज को लेकर हरसंभव मदद उपलब्ध कराई जा रही है।

ब्लैक सी में कमर्शियल जहाजों की सुरक्षा को लेकर यह घटना एक बार फिर चिंता बढ़ाती है। हमले के कारणों और इसके पीछे किसकी भूमिका थी, इसे लेकर संबंधित अधिकारियों की ओर से आगे की जानकारी का इंतजार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *