रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध में सोमवार को हिंसा एक बार फिर तेज हो गई। रूसी सेना ने यूक्रेन के कई इलाकों को निशाना बनाते हुए बड़े पैमाने पर हमले किए। इन हमलों में खारकीव में राहत एवं बचाव कार्य में जुटे 5 कर्मियों की मौत हो गई, जबकि राजधानी कीव में कम से कम 13 लोग घायल हुए हैं। हमलों के कारण कई इमारतों को नुकसान पहुंचा और देश के एक महत्वपूर्ण ऐतिहासिक धार्मिक स्थल में भी भीषण आग लग गई, जिससे क्षेत्र में भारी तबाही का माहौल है।
राहत कार्य के दौरान हुआ दूसरा हमला
यूक्रेन के गृह मंत्री इहोर क्लिमेनको के अनुसार, खारकीव में बचावकर्मी पहले हमले के बाद लगी आग को बुझाने में जुटे थे, तभी रूसी सेना ने दोबारा हमला कर दिया। इस दूसरे हमले में पांच बचावकर्मियों की जान चली गई, जबकि कम से कम पांच अन्य आपातकालीन सेवा कर्मी घायल हो गए।
मिसाइलों के बाद ड्रोन हमलों से दहला कीव
राजधानी कीव पर हमले की शुरुआत बैलिस्टिक मिसाइलों से हुई, जिसके बाद रूसी सेना ने ‘शाहिद’ ड्रोन के जरिए भी कई हमले किए। लगातार हुए विस्फोटों की आवाज पूरे शहर में सुनाई दी। खतरे को देखते हुए बड़ी संख्या में लोगों ने बंकरों में शरण ली, जबकि स्थानीय प्रशासन ने नागरिकों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की।
राजधानी के बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान
क्लिमेनको ने बताया कि इस बार हमलों का मुख्य निशाना कीव रहा, जहां महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को व्यापक क्षति पहुंची है। कीव सैन्य प्रशासन के प्रमुख टिमुर त्काचेंको के मुताबिक, हमलों में घायल हुए 13 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें एक बच्चा भी शामिल है।