एक तरफ जहां बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) भारतीय टीम के आगामी दौरे की उम्मीद लगाए बैठा था, वहीं दूसरी तरफ भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) और अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ने सितंबर में होने वाली T20 सीरीज के शेड्यूल की घोषणा कर सबको चौंका दिया है। भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की T20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज सितंबर के मध्य में खेली जाएगी। इस नए शेड्यूल के सामने आने के बाद अब यह लगभग साफ हो गया है कि भारतीय टीम का सितंबर में प्रस्तावित बांग्लादेश दौरा फिलहाल टल सकता है।
दिल्ली का अरुण जेटली स्टेडियम बनेगा अफगानिस्तान का ‘होम ग्राउंड’
भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन T20 मैचों की यह सीरीज 13 सितंबर से शुरू होगी। श्रृंखला का पहला मुकाबला 13 सितंबर, दूसरा मुकाबला 15 सितंबर और तीसरा तथा अंतिम मैच 17 सितंबर को खेला जाएगा।
दिलचस्प बात यह है कि इस सीरीज के सभी मुकाबले दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में आयोजित किए जाएंगे। हालांकि, भारत में खेले जाने के बावजूद इस सीरीज का आधिकारिक मेजबान (Host) अफगानिस्तान ही रहेगा, क्योंकि भारत ने अफगानिस्तान क्रिकेट टीम को दिल्ली का यह मैदान उनके ‘होम ग्राउंड’ के रूप में दिया हुआ है।
भारत बनाम अफगानिस्तान T20 सीरीज का पूरा शेड्यूल:
- पहला T20 मैच: 13 सितंबर
- दूसरा T20 मैच: 15 सितंबर
- तीसरा T20 मैच: 17 सितंबर
(स्थान: अरुण जेटली स्टेडियम, नई दिल्ली) - बांग्लादेश दौरे पर फिर लगा विराम?
प्रस्तावित शेड्यूल के मुताबिक, सितंबर की शुरुआत में भारतीय टीम को तीन वनडे और तीन T20 मैचों की सीरीज के लिए बांग्लादेश के दौरे पर जाना था। यद्यपि बीसीबी ने इसके लिए कोई आधिकारिक तारीखों की घोषणा नहीं की थी, लेकिन माना जा रहा था कि यह दौरा 1 से 13 सितंबर के बीच आयोजित होगा।