उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (UP STF) की प्रयागराज यूनिट को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसटीएफ ने ऑनलाइन गेमिंग की आड़ में अवैध सट्टेबाजी का एक बड़ा सिंडिकेट ध्वस्त करते हुए गिरोह के 4 शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान बृजेश सिंह, अभिषेक कुमार, प्रिंस कुमार और मितेश प्रधान के रूप में हुई है।
‘ROLEXPANEL’ ऐप और फर्जी UPI का जाल
एसटीएफ जांच में सामने आया कि आरोपियों ने सट्टेबाज़ी का धंधा चलाने के लिए ‘ROLEXPANEL.WIN’ नाम से एक गेमिंग ऐप तैयार किया था। इस ऐप के जरिए लोगों को सट्टेबाज़ी के लिए आकर्षित किया जाता था। वित्तीय लेनदेन को छुपाने के लिए आरोपियों ने फर्जी दस्तावेजों पर सैकड़ों सिम कार्ड खरीदे और उनसे दर्जनों UPI आईडी एक्टिवेट कीं।
गैंग में काम का बंटवारा बेहद व्यवस्थित था। ऐप का एडमिन पुलिस या बैंक एजेंसियों की नजर से बचने के लिए संदिग्ध/निष्क्रिय खातों का डेटा तुरंत डिलीट कर देता था। गिरोह के सभी सदस्य आपस में संपर्क के लिए एक सीक्रेट वॉट्सऐप ग्रुप का इस्तेमाल करते थे।
गांव में दिखाई रईसी और आ गए STF की रडार पर
सट्टेबाज़ी से रातों-रात हुई अकूत कमाई के बाद आरोपी अपने गांव और परिचितों के बीच लग्जरी लाइफस्टाइल और बड़ी-बड़ी बातें करने लगे थे। अचानक बदले इस तेवर और संदिग्ध नकदी की भनक एसटीएफ को लग गई।
छापेमारी में इलेक्ट्रॉनिक्स सामान बरामद
एसटीएफ प्रभारी जय प्रकाश राय के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने सटीक घेराबंदी कर चारों को धर दबोचा। मौके से लैपटॉप, स्मार्टफोन, क्यूआर कोड स्कैनर और कई अन्य डिजिटल डिवाइस बरामद किए गए हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ ही इलाके में सक्रिय इस ऑनलाइन जुआ नेटवर्क पर पूरी तरह से लगाम लग गई है।