प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच जल्द मुलाकात होने की संभावना जताई जा रही है। माना जा रहा है कि दोनों नेता जून में फ्रांस में आयोजित होने वाले G-7 शिखर सम्मेलन के दौरान आमने-सामने आ सकते हैं।
रिपोर्ट्स के अनुसार, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इस सम्मेलन में शामिल होंगे। वहीं, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने फरवरी में भारत दौरे के दौरान पीएम मोदी को G-7 समिट में शामिल होने का निमंत्रण दिया था। ऐसे में प्रधानमंत्री मोदी के भी फ्रांस जाने की संभावना है।
इससे पहले दोनों नेताओं की मुलाकात 13 फरवरी 2025 को अमेरिका के व्हाइट हाउस में हुई थी।
इस साल G7 शिखर सम्मेलन फ्रांस के एवियन-लेस-बेंस, फ्रांसीसी आल्प्स में आयोजित किया जाएगा। यह बैठक 15 जून से 17 जून तक चलेगी। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस दौरान कई अहम वैश्विक मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है, जिनमें AI, व्यापार और अंतरराष्ट्रीय अपराध से निपटने की रणनीति शामिल है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के इस सम्मेलन में शामिल होने और खासकर व्यापार से जुड़े मुद्दों पर अधिक जोर देने की उम्मीद जताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, इस बैठक में किसी औपचारिक समझौते पर हस्ताक्षर नहीं होंगे, बल्कि इसका उद्देश्य सदस्य देशों के बीच व्यापक सहमति बनाना होगा, जिसे आगे चलकर नीतिगत समझौतों का आधार बनाया जा सके। ईरान से जुड़े मुद्दे भी एजेंडा में शामिल हो सकते हैं।
उधर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का फ्रांस दौरा पहले ही तय माना जा रहा है। भारत स्थित फ्रांसीसी दूतावास ने भी उनके G7 सम्मेलन में शामिल होने की पुष्टि की है। इससे पहले फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने अपने भारत दौरे के दौरान पीएम मोदी को आधिकारिक रूप से आमंत्रित किया था, जिसके बाद उनके इस सम्मेलन में भाग लेने की संभावना और मजबूत हो गई है।
G-7 दुनिया की सात प्रमुख और सबसे विकसित औद्योगिक अर्थव्यवस्थाओं का एक अंतरराष्ट्रीय समूह है। इसमें अमेरिका, ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी, इटली, जापान और कनाडा जैसे देश शामिल होते हैं। इसके साथ ही यूरोपीय संघ (European Union) भी इस मंच की बैठकों में भाग लेता है।