CBI रेड से मचा हड़कंप, 50 लाख रिश्वत केस में कर्नल हिरासत में

 

केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने रिश्वतखोरी और सेना के टेंडरों में कथित गड़बड़ी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए सेना के कर्नल हिमांशु बाली को गिरफ्तार किया है। वह आर्मी ऑर्डिनेंस कॉर्प्स की ईस्टर्न कमांड में फोर्ट विलियम, कोलकाता में तैनात थे। जांच एजेंसी ने इस मामले में एफआईआर दर्ज करने के बाद कार्रवाई की।

CBI की जांच के मुताबिक, कानपुर की कंपनी ईस्टर्न ग्लोबल लिमिटेड के अधिकारियों पर सेना के टेंडर हासिल करने के लिए रिश्वत देने का आरोप है। एजेंसी का दावा है कि कंपनी को कई टेंडरों में गलत तरीके से फायदा पहुंचाया गया। मामले में कर्नल हिमांशु बाली समेत कई लोगों को आरोपी बनाया गया है।

CBI के अनुसार, कर्नल हिमांशु बाली उस समय कोलकाता स्थित ईस्टर्न कमांड, फोर्ट विलियम में तैनात थे। जांच एजेंसी का आरोप है कि उन्होंने सेना के टेंडर दिलाने, घटिया गुणवत्ता वाले सैंपल पास कराने और बढ़े हुए बिलों को मंजूरी देने के बदले रिश्वत ली।

एफआईआर में कहा गया है कि मार्च और अप्रैल 2026 के दौरान रिश्वत के बदले एक बड़ा टेंडर संबंधित कंपनी को दिलाया गया। जांच में यह भी सामने आया कि 22 अप्रैल 2026 को कोलकाता के पार्क स्ट्रीट इलाके में कर्नल बाली और कंपनी के प्रतिनिधियों के बीच बैठक हुई थी। इसके दो दिन बाद, 24 अप्रैल को कंपनी को टेंडर आवंटित कर दिया गया।

CBI का दावा है कि 16 मई 2026 को कर्नल बाली ने रिश्वत की बाकी रकम की मांग की थी। करीब 50 लाख रुपये हवाला के जरिए दिल्ली-एनसीआर भेजने की तैयारी की जा रही थी। इस मामले में अक्षत अग्रवाल, मयंक अग्रवाल, आशुतोष शुक्ला, नरेश पाल समेत कई अन्य लोगों को आरोपी बनाया गया है। मामला भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 61(2) के तहत दर्ज किया गया है। जांच की जिम्मेदारी CBI के DSP सुनील कुमार को सौंपी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *