निकल गई सारी हेकड़ी! भारतीय टीम के बांग्लादेश दौरे को लेकर गिड़गिड़ाने लगा बीसीबी

 

ढाका — भारतीय क्रिकेट टीम के प्रस्तावित बांग्लादेश दौरे को लेकर बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) की बेचैनी साफ नजर आ रही है। सितंबर में होने वाले इस दौरे पर छाए अनिश्चितता के बादलों के बीच बीसीबी को भारी वित्तीय नुकसान का डर सता रहा है। यही वजह है कि बांग्लादेशी अधिकारी किसी भी तरह भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) को मनाने की कोशिशों में जुट गए हैं।

सितंबर में भारत और बांग्लादेश के बीच वनडे और टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज खेली जानी है। हालांकि, मौजूदा राजनीतिक और कूटनीतिक परिस्थितियों के कारण इस दौरे पर संशय बना हुआ है।

बीसीसीआई की ओर से अब तक सीरीज की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, जिसके चलते न तो मैचों का शेड्यूल जारी हो सका है और न ही बीसीबी इसके मीडिया राइट्स बेच पाया है।

स्थिति को संभालने के लिए बांग्लादेश के युवा और खेल राज्यमंत्री अमीनुल हक ने उम्मीद जताई है कि जल्द ही मामले को सुलझा लिया जाएगा। अमीनुल हक ने कहा कि खेल और राजनीति को अलग रखा जाना चाहिए।

उन्होंने खुलासा किया कि इस मुद्दे पर बांग्लादेश के विदेश मंत्री के जरिए भारतीय विदेश मंत्रालय से बात करने की कोशिश की जा रही है। हाल ही में बांग्लादेश में भारत के उच्चायुक्त की वहां के प्रधानमंत्री तारिक रहमान से हुई मुलाकात को भी ढाका सकारात्मक संकेत के रूप में देख रहा है।

पिछले दो सालों से भारतीय टीम का बांग्लादेश दौरा किसी न किसी कारणवश टलता आ रहा है। इस बार भी यदि भारतीय टीम बांग्लादेश नहीं जाती है, तो बीसीबी को आर्थिक और साख के मोर्चे पर बड़ा झटका लगेगा। फिलहाल, बीसीसीआई का अंतिम रुख क्या होगा, इस पर पूरी दुनिया के क्रिकेट प्रेमियों की नजरें टिकी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *