सलमान खान फायरिंग मामले में अनमोल बिश्नोई ने दाखिल की अर्जी, कोर्ट से मांगी सरेंडर की अनुमति

 

कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के छोटे भाई अनमोल बिश्नोई ने मुंबई की एक विशेष अदालत में याचिका दायर कर 2024 में अभिनेता सलमान खान के घर के बाहर हुई फायरिंग के मामले में सरेंडर करने की अनुमति मांगी है। अपनी अर्जी में उसने कहा है कि न्यायिक प्रक्रिया में शामिल होने और निष्पक्ष सुनवाई सुनिश्चित करने के लिए उसका कोर्ट के सामने पेश होना जरूरी है।

 ट्रायल का सामना करना चाहता है अनमोल बिश्नोई

अपनी याचिका में अनमोल बिश्नोई ने कहा कि वह स्वेच्छा से मुंबई कोर्ट के समक्ष आत्मसमर्पण करना चाहता है, ताकि वह चल रहे मुकदमे का सामना कर सके और न्यायिक कार्यवाही में सक्रिय रूप से हिस्सा ले सके। फिलहाल अनमोल दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद है। उसे राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े कथित आतंकी-गैंगस्टर गठजोड़ मामले में गिरफ्तार किया था।

प्रोडक्शन वारंट जारी करने की मांग

याचिका में अनमोल ने यह भी कहा कि वह पहले से ही एनआईए के मामले में न्यायिक हिरासत में है, इसलिए उचित निर्देशों के बिना वह मुंबई की अदालत में व्यक्तिगत रूप से पेश नहीं हो सकता। ऐसे में उसने अदालत से जेल प्रशासन के लिए प्रोडक्शन वारंट जारी करने की मांग की है, ताकि उसके सरेंडर को औपचारिक रूप से दर्ज किया जा सके और आगे की रिमांड संबंधी कार्यवाही, चाहे वह शारीरिक रूप से हो या वर्चुअल माध्यम से, पूरी की जा सके।

क्या है पूरा मामला?

यह मामला 14 अप्रैल 2024 का है, जब मुंबई के बांद्रा स्थित अभिनेता सलमान खान के आवास गैलेक्सी अपार्टमेंट्स के बाहर सुबह-सुबह गोलीबारी की घटना हुई थी। पुलिस के अनुसार, मोटरसाइकिल पर सवार दो हमलावरों ने फायरिंग की और मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद मुंबई पुलिस ने महाराष्ट्र कंट्रोल ऑफ ऑर्गनाइज्ड क्राइम एक्ट (MCOCA) के तहत मामला दर्ज किया। जांच एजेंसियों ने आरोप लगाया कि यह हमला कथित तौर पर बिश्नोई गैंग के निर्देश पर अंजाम दिया गया था।

मामले में आगे कार्रवाई करते हुए, लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई को नवंबर 2025 में अमेरिका से भारत प्रत्यर्पित (डिपोर्ट) किया गया। भारत पहुंचने के बाद राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने उसे कथित आतंकी-गैंगस्टर नेटवर्क की जांच के सिलसिले में गिरफ्तार कर लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *