थाईलैंड में दर्दनाक हादसा: 11 साल के बच्चे ने बौद्ध भिक्षुओं पर चढ़ाया पिकअप ट्रक, 9 की मौत

 

बैंकॉक: थाईलैंड के उत्तर-पूर्वी हिस्से में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जब 11 वर्षीय लड़के द्वारा चलाया जा रहा एक पिकअप ट्रक तीर्थयात्रा पर निकले बौद्ध भिक्षुओं के एक समूह में जा घुसा। इस हादसे में 9 भिक्षुओं की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए।

अधिकारियों के अनुसार, मुकदहन प्रांत के 35 भिक्षु धार्मिक यात्रा पर निकले थे, तभी यह दुर्घटना हुई। मुकदहन के गवर्नर वोरयान बूननारत ने बताया कि हादसे में पांच भिक्षुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

उन्होंने बताया कि हादसे में घायल हुए 13 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें तीन भिक्षुओं की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है।

हादसे से महज आधे घंटे पहले शुरू हुई थी पदयात्रा

अधिकारियों के मुताबिक, भिक्षुओं का यह समूह दुर्घटना से करीब 30 मिनट पहले ही 260 किलोमीटर लंबी पदयात्रा पर निकला था, जो उबोन रत्चाथानी प्रांत तक जानी थी। स्थानीय बचाव संगठन ‘रुआम जाई मुकदहन रेस्क्यू एसोसिएशन’ द्वारा जारी वीडियो में भिक्षु सड़क के किनारे एक कतार में चलते दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान एक पिकअप ट्रक अचानक उनकी ओर बढ़ता है और कई भिक्षुओं को अपनी चपेट में ले लेता है।

हादसे में बच गए कुछ भिक्षुओं ने पुलिस को बताया कि उन्होंने वाहन को पहले ही नियंत्रण खोते हुए देखा था। उनके अनुसार, ट्रक सड़क पर लहराता हुआ चला और फिर सड़क से उतरकर सीधे उनके समूह में जा घुसा।

पुलिस हिरासत में 11 वर्षीय चालक

स्थानीय पुलिस ने बताया कि पिकअप ट्रक चला रहा 11 वर्षीय लड़का फिलहाल हिरासत में है। चूंकि आरोपी नाबालिग है, इसलिए उससे पूछताछ बाल संरक्षण अधिकारियों की मौजूदगी में कानूनी प्रक्रिया के तहत की जाएगी।

फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, प्रत्यक्षदर्शियों और भिक्षुओं के बयान से संकेत मिलता है कि वाहन हादसे से पहले अनियंत्रित हो गया था, जिसके बाद यह भीषण दुर्घटना हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *