आईसीसी की ताजा टेस्ट रैंकिंग में पाकिस्तान क्रिकेट टीम को बड़ा झटका लगा है। बांग्लादेश के खिलाफ लगातार दो टेस्ट मैच गंवाने के बाद टीम दो स्थान नीचे खिसक गई है। दूसरी ओर, इस शानदार प्रदर्शन का फायदा बांग्लादेश को मिला है और उसकी रैंकिंग में सुधार हुआ है। वहीं, इस अपडेटेड रैंकिंग में टीम इंडिया की स्थिति क्या है, इस पर भी सभी की नजर बनी हुई है।
आईसीसी की अपडेटेड टेस्ट रैंकिंग में ऑस्ट्रेलिया ने अपनी बादशाहत कायम रखी है। 20 मई तक के आंकड़ों के आधार पर जारी नई रैंकिंग में ऑस्ट्रेलियाई टीम 131 रेटिंग अंकों के साथ पहले स्थान पर बनी हुई है। वहीं दूसरे नंबर पर साउथ अफ्रीका है, जिसकी रेटिंग 119 है। दोनों टीमों के बीच अंकों का बड़ा अंतर साफ दिखाता है कि फिलहाल ऑस्ट्रेलिया की नंबर-1 कुर्सी को कोई खास खतरा नहीं है।
उधर, भारतीय टीम टेस्ट रैंकिंग में तीसरे स्थान पर मौजूद है। टीम इंडिया के खाते में फिलहाल 104 रेटिंग अंक हैं। हाल के समय में टेस्ट क्रिकेट में भारत का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा, जिसका असर रैंकिंग पर भी देखने को मिला। हालांकि, भारत के पास अपनी स्थिति मजबूत करने का मौका जल्द ही आने वाला है। 6 जून से वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाले टेस्ट मैच में जीत दर्ज कर टीम अपने रेटिंग अंक बढ़ा सकती है, लेकिन इससे सीधे दूसरे स्थान पर पहुंचना आसान नहीं होगा
आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में इंग्लैंड की टीम 102 रेटिंग अंकों के साथ चौथे स्थान पर बनी हुई है। भारत और इंग्लैंड के बीच बेहद कम अंतर है, जिससे आने वाले मुकाबले रैंकिंग के लिहाज से काफी अहम हो सकते हैं। वहीं न्यूजीलैंड 101 रेटिंग के साथ पांचवें नंबर पर मौजूद है। श्रीलंका को इस बार एक स्थान का फायदा मिला है और टीम 86 अंकों के साथ छठे स्थान पर पहुंच गई है। दूसरी ओर, पाकिस्तान पर टेस्ट सीरीज जीतने वाली बांग्लादेश टीम को बड़ा फायदा हुआ है। दो स्थान की छलांग लगाकर बांग्लादेश अब 75 रेटिंग के साथ सातवें नंबर पर आ गया है।
वहीं पाकिस्तान क्रिकेट टीम की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। बांग्लादेश के खिलाफ लगातार हार का असर उसकी टेस्ट रैंकिंग पर भी पड़ा है और टीम दो पायदान नीचे खिसककर आठवें स्थान पर पहुंच गई है। पाकिस्तान के भी 75 रेटिंग अंक हैं, लेकिन वह बांग्लादेश से नीचे है। इसके बाद वेस्टइंडीज 68 अंकों के साथ नौवें और जिम्बाब्वे 10 रेटिंग के साथ दसवें स्थान पर मौजूद हैं। अगर पाकिस्तान का खराब प्रदर्शन जारी रहा तो टीम को आगे और नुकसान उठाना पड़ सकता है।