उत्तराखंड के बागेश्वर में भारी बारिश का कहर, 12 सड़कें बंद; कई गांवों का संपर्क टूटा

 

उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में मंगलवार रात से हो रही लगातार भारी बारिश के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। कई इलाकों में भूस्खलन के चलते सड़कों पर मलबा, बड़े पत्थर और पेड़ गिरने से यातायात बाधित हो गया है। इसके चलते जिले की 12 मोटर सड़कें बंद हो गई हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में आवाजाही प्रभावित हुई है।

कई गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क भी प्रभावित हुआ है। सड़कें बंद होने के कारण स्थानीय लोगों को आने-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

लगातार बारिश के कारण सरयू और गोमती नदियों का जलस्तर भी बढ़ रहा है। प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में सावधानी बरतने की अपील की है।

भारी बारिश के चलते स्कूलों में अवकाश

मौसम विभाग की ओर से भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए बागेश्वर जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। प्रशासन की ओर से स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और संभावित खतरे को देखते हुए एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं।

इसी क्रम में जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में कक्षा 1 से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए अवकाश घोषित कर दिया गया है। इसके साथ ही सभी आंगनबाड़ी केंद्रों को भी बंद रखने का निर्णय लिया गया है।

सरयू-गोमती नदियों का जलस्तर बढ़ा, प्रशासन ने बढ़ाई निगरानी

लगातार हो रही बारिश के बीच सरयू और गोमती नदियों का जलस्तर बढ़ने से जिला प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। बंद सड़कों को जल्द से जल्द खोलने के लिए लोक निर्माण विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंचकर मशीनों की मदद से मलबा हटाने में जुटी हैं।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से यात्रा करने से बचें और नदी-नालों के आसपास जाने से परहेज करें। साथ ही, मौसम विभाग और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।

लगातार बारिश को देखते हुए जिले में निगरानी बढ़ा दी गई है। किसी भी संभावित आपदा से निपटने के लिए आपदा प्रबंधन तंत्र को भी सक्रिय रखा गया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *