भारत-नेपाल और भारत-भूटान की अंतरराष्ट्रीय सीमाओं की सुरक्षा के साथ-साथ आंतरिक व्यवस्था में तैनात ‘सशस्त्र सीमा बल’ (SSB) के जांबाजों ने अपनी सतर्कता और मुस्तैदी का लोहा मनवाया है। सीमांत मुख्यालय गनियाद्योली में आयोजित एक प्रेसवार्ता के दौरान आईजी (SSB) अमित कुमार ने बल की हालिया बड़ी उपलब्धियों का ब्योरा साझा किया।
मानव तस्करी पर कड़ा प्रहार: 52 पीड़ित मुक्त
सीमा पार मानव तस्करी (Human Trafficking) के खिलाफ चलाए गए अभियानों में एसएसबी को बड़ी सफलता हासिल हुई है:
पीड़ितों का सफल रेस्क्यू: तस्करों के चंगुल से 52 पीड़ितों को सुरक्षित मुक्त कराया गया है।
तस्करों की गिरफ्तारी: मानव तस्करी के कुल 45 मामले दर्ज किए गए, जिनमें 32 तस्करों को दबोचकर कानूनी कार्रवाई की गई।
जाली करेंसी और नशे का कारोबार किया ध्वस्त
भारतीय अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुँचाने की साजिशों को नाकाम करते हुए सीमा पर निगरानी और बढ़ा दी गई है:
नकली भारतीय व विदेशी मुद्रा: 116 अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए ₹54.74 लाख की जाली भारतीय करेंसी और ₹8.09 लाख मूल्य की विदेशी मुद्रा जब्त की गई।
मादक पदार्थ बरामद: सीमाओं से 41.87 किलोग्राम ड्रग्स/मादक पदार्थ बरामद कर 136 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
उत्कृष्ट सेवा के लिए 29 अधिकारी व जवान सम्मानित
आईजी अमित कुमार ने बताया कि सीमाओं की रखवाली के अलावा जम्मू-कश्मीर में आंतरिक सुरक्षा, चुनाव संचालन, अमरनाथ यात्रा की व्यवस्था और आपदा राहत कार्यों में भी एसएसबी के जवान डटे रहते हैं।
जांबाजों की इसी कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट सेवा के लिए 18 अधिकारियों एवं कार्मिकों को महानिदेशक ‘गोल्डन व सिल्वर डिस्क’ तथा 11 जवानों को महानिदेशक ‘प्रशस्ति पत्र’ देकर सम्मानित किया गया है।