उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में स्थित सिद्धपीठ श्री शाकंभरी देवी मंदिर क्षेत्र में गुरुवार देर रात अचानक आई बाढ़ ने भारी तबाही मचा दी। शिवालिक पहाड़ियों में तेज बारिश के बाद खोल में उफान आ गया और देखते ही देखते मंदिर परिसर समेत आसपास का इलाका पानी में डूब गया। हादसे में दो महिला श्रद्धालुओं की जान चली गई, जबकि कई वाहन, प्रसाद की दुकानें और अन्य सामान तेज बहाव में बह गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उस समय श्रद्धालु मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में ठहरे हुए थे। अचानक तेज बहाव और पानी की गर्जना सुनाई दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कुछ ही पलों में पानी का सैलाब श्रद्धालुओं की तरफ बढ़ने लगा। लोग अपनी जान बचाने के लिए बच्चों और महिलाओं को लेकर सुरक्षित ऊंचे स्थानों की ओर भागने लगे। इस दौरान मची भगदड़ में कई ट्रैक्टर-ट्रॉलियां, कारें, बाइकें और निर्माण कार्य में इस्तेमाल हो रही मशीनें तेज धारा में बह गईं।
हादसे में जान गंवाने वाली दोनों महिलाएं तेज पानी के बहाव में बह गई थीं। घटना के बाद उनके परिवारों में कोहराम मच गया और देर रात तक मंदिर परिसर में मातम पसरा रहा। चारों ओर लोगों की चीख-पुकार सुनाई देती रही। सुबह जब हालात सामान्य हुए तो तबाही का भयावह मंजर सामने आया। कई वाहन नदी किनारे कीचड़ और मलबे में दबे मिले, जिन्हें निकालने के लिए श्रद्धालु और स्थानीय लोग घंटों तक मशक्कत करते रहे। बाढ़ के कारण कई दुकानों को भी भारी नुकसान हुआ और पूरा इलाका कीचड़ व मलबे से भर गया।
इधर, आपदा की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। अधिकारियों ने पुलिस बल के साथ राहत और बचाव अभियान शुरू कराया तथा श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का काम किया। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।