सलमान खान ने ट्रोलिंग और बॉडी शेमिंग पर जताया गुस्सा, पैपराजी को भी लगाई फटकार

 

‘बिग बॉस 20’ के वीकेंड का वार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में सलमान खान कंटेस्टेंट्स के साथ ट्रोलिंग, एज-शेमिंग और बॉडी शेमिंग जैसे मुद्दों पर खुलकर बात करते नजर आ रहे हैं। इस दौरान उन्होंने सोशल मीडिया पर लोगों द्वारा सेलिब्रिटीज को उनकी उम्र, वजन, लुक्स और निजी जिंदगी को लेकर ट्रोल किए जाने पर नाराजगी जताई।

सलमान खान ने कहा कि आजकल किसी को भी ट्रोल करने के लिए लोग उसकी उम्र, वजन, शक्ल, परिवार, मुस्कान या फिर उसके करियर को निशाना बना लेते हैं। उन्होंने कहा कि किसी की ऐसी चीजों को लेकर मजाक उड़ाना उसकी परवरिश को दिखाता है। अभिनेता ने खुद का उदाहरण देते हुए कहा कि उन्हें भी इस उम्र में बूढ़ा कहकर ट्रोल किया जाता है। उन्होंने कहा कि हां, वह 60 साल के हो चुके हैं, लेकिन उम्र को लेकर इस तरह की टिप्पणियां करना सही नहीं है।

प्रेग्नेंसी के बाद बढ़े वजन पर बोले सलमान

सलमान ने प्रेग्नेंसी के बाद महिलाओं के बढ़े वजन को लेकर होने वाली ट्रोलिंग पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि गर्भावस्था के दौरान महिला का वजन बढ़ना स्वाभाविक है और बच्चे को जन्म देने के बाद वह अपनी सुविधा के अनुसार दोबारा फिट हो सकती है। उन्होंने कहा कि अगर कोई महिला अपने परिवार के साथ समय बिताना चाहती है तो लोगों को उसे ट्रोल नहीं करना चाहिए।

हालांकि सलमान ने किसी अभिनेत्री का नाम नहीं लिया, लेकिन सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स का मानना है कि उनका इशारा कैटरीना कैफ की ओर था। कैटरीना को मां बनने के बाद वजन को लेकर सोशल मीडिया पर टिप्पणियों का सामना करना पड़ा था।

पैपराजी की तस्वीरों पर भी जताई नाराजगी

सलमान ने सेलिब्रिटीज की पीछे से तस्वीरें लेने वाले पैपराजी के तरीके पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि कई अभिनेत्रियां इस तरह की तस्वीरों से असहज महसूस करती हैं। उन्होंने सई मांजरेकर और नेहा धूपिया का उदाहरण देते हुए कहा कि कुछ महिलाओं ने सार्वजनिक रूप से इस तरह की फोटोग्राफी पर आपत्ति जताई है।

उन्होंने अपनी भतीजी का जिक्र करते हुए बताया कि उसके पीछे से लगातार तस्वीरें ली जा रही थीं और बाद में ऐसी तस्वीर के साथ ‘अंदाजा लगाइए कि यह कौन है’ जैसा कैप्शन लगाया गया। सलमान ने इस तरह के व्यवहार को गलत बताते हुए सवाल किया कि ऐसा करने वालों को किसी महिला की निजता का सम्मान क्यों नहीं करना चाहिए।

महिलाओं से स्टैंड लेने की अपील

सलमान खान ने उन महिलाओं से भी स्टैंड लेने की अपील की, जिन्हें इस तरह की तस्वीरों या व्यवहार से परेशानी होती है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को ऐसे मामलों में खुलकर विरोध करना चाहिए। उन्होंने पैपराजी की इस मानसिकता पर नाराजगी जताते हुए कहा कि महिलाओं की तस्वीरें उनकी इच्छा के खिलाफ लेना सम्मानजनक व्यवहार नहीं है।

वीडियो में सलमान का गुस्सा काफी स्पष्ट नजर आता है। वह ट्रोलिंग और महिलाओं की निजता से जुड़े मुद्दों पर कंटेस्टेंट्स को भी अपनी जिम्मेदारी समझने की बात कहते दिखाई दे रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *