रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश स्टारर फिल्म ‘रामायण’ ने रिलीज के साथ ही बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत की है। लंबे समय से चर्चा में बनी इस फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। नितेश तिवारी के निर्देशन में तैयार की गई इस पौराणिक फिल्म की रिलीज से पहले ही टिकटों की अच्छी खासी बुकिंग हो चुकी थी। ऐसे में फिल्म से पहले दिन बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद लगाई जा रही थी। शुरुआती बॉक्स ऑफिस आंकड़ों ने इन उम्मीदों को काफी हद तक सही साबित किया है।
फिल्म ने पहले दिन भारतीय सिनेमाघरों में 64.85 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। इस कमाई के साथ ‘रामायण’ साल 2026 की सबसे बड़ी ओपनिंग करने वाली फिल्मों की सूची में दूसरे पायदान पर पहुंच गई है। हालांकि, शानदार शुरुआत के बावजूद रणबीर कपूर की यह फिल्म प्रभास की ‘आदिपुरुष’ के पहले दिन के कलेक्शन का रिकॉर्ड अपने नाम नहीं कर सकी।
पहले दिन कितनी हुई ‘रामायण’ की कमाई?
ट्रेड वेबसाइट सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, ‘रामायण’ ने सभी भाषाओं में मिलाकर भारत में 64.85 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है। वहीं, फिल्म का इंडिया ग्रॉस कलेक्शन 77.50 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। रिलीज के पहले दिन देशभर में फिल्म के लगभग 25,200 शो आयोजित किए गए। दर्शकों की दिलचस्पी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि फिल्म को कई भाषाओं में अच्छ संख्या में दर्शक मिले।
कमाई के मामले में हिंदी वर्जन सबसे आगे रहा। हिंदी भाषा में फिल्म के 20,678 शो दिखाए गए, जिनसे कुल 47.50 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ। इससे स्पष्ट है कि फिल्म को हिंदी बेल्ट में सबसे ज्यादा दर्शकों का समर्थन मिला।
दक्षिण भारतीय भाषाओं में भी मिला अच्छा रिस्पॉन्स
‘रामायण’ को हिंदी के अलावा दक्षिण भारतीय भाषाओं में भी रिलीज किया गया। कन्नड़ वर्जन ने 1,197 शो के जरिए 7.25 करोड़ रुपये की कमाई की। वहीं, तेलुगु भाषा में फिल्म ने 1,776 शो से 6 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया।
तमिल वर्जन की बात करें तो इससे 2.60 करोड़ रुपये की कमाई हुई। इसके अलावा मलयालम भाषा में फिल्म के 557 शो आयोजित किए गए, जिनसे 1.50 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ। अलग-अलग भाषाओं में मिले इन आंकड़ों से पता चलता है कि फिल्म को देशभर के दर्शकों तक पहुंचाने की कोशिश का अच्छा परिणाम मिला है।
‘आदिपुरुष’ का रिकॉर्ड तोड़ने से चूकी फिल्म
बॉक्स ऑफिस पर 64.85 करोड़ रुपये की ओपनिंग करने के बाद भी ‘रामायण’ प्रभास की फिल्म ‘आदिपुरुष’ का रिकॉर्ड पार नहीं कर पाई। हालांकि, पहले दिन का प्रदर्शन फिल्म के लिए मजबूत शुरुआत माना जा सकता है। अब सभी की नजरें इसके वीकेंड कलेक्शन पर टिकी हैं। आने वाले दिनों में दर्शकों की प्रतिक्रिया और सिनेमाघरों में बढ़ती या घटती भीड़ यह तय करेगी कि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कितनी लंबी पारी खेल पाती है।
रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश जैसे बड़े सितारों की मौजूदगी के कारण फिल्म को लेकर पहले से ही काफी उम्मीदें थीं। अब देखना दिलचस्प होगा कि ‘रामायण’ अपनी शुरुआती कमाई की रफ्तार बरकरार रखते हुए बॉक्स ऑफिस पर नए रिकॉर्ड बना पाती है या नहीं।