फिलीपींस में 7.8 तीव्रता के भूकंप ने मचाई तबाही, 4 की मौत, 200 से अधिक घायल

 

फिलीपींस के दक्षिणी क्षेत्र में सोमवार सुबह 7.8 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आने से व्यापक तबाही मच गई। भूकंप के बाद कई तटीय इलाकों में सुनामी की लहरें उठीं, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई। प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार, इस प्राकृतिक आपदा में अब तक चार लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 200 से अधिक लोग घायल हुए हैं। कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है और प्रशासन ने लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है।

फिलीपीन इंस्टीट्यूट ऑफ वोल्केनोलॉजी एंड सीस्मोलॉजी (PHIVOLCS) के मुताबिक, भूकंप का केंद्र मिंडानाओ द्वीप पर स्थित जनरल सैंटोस शहर से करीब 13 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में था। भूकंप की गहराई लगभग 10 किलोमीटर दर्ज की गई और इसके झटके स्थानीय समयानुसार सुबह 7:37 बजे महसूस किए गए।

भूकंप के बाद समुद्र में हलचल बढ़ने से कुछ तटीय क्षेत्रों में करीब एक मीटर ऊंची सुनामी लहरें दर्ज की गईं। हालात को देखते हुए राष्ट्रपति  नागरिकों से सुनामी प्रभावित क्षेत्रों को तुरंत खाली कर ऊंचे स्थानों पर जाने की अपील की है। वहीं, संभावित खतरे को देखते हुए Indonesia और Malaysia के अधिकारियों ने भी अपने तटीय इलाकों के लिए एहतियाती चेतावनी जारी की है।

प्रशासन राहत और बचाव कार्यों में जुटा हुआ है, जबकि प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

भूकंप के बाद सुनामी का खतरा केवल फिलीपींस तक सीमित नहीं रहा। पैसिफिक सुनामी वॉर्निंग सेंटर ने चेतावनी दी है कि फिलीपींस के कुछ तटीय क्षेत्रों में 3 मीटर तक ऊंची लहरें उठ सकती हैं, जबकि इंडोनेशिया और मलेशिया के कई समुद्री इलाकों में 1 मीटर तक की सुनामी लहरें आने की आशंका है। स्थिति को देखते हुए फिलीपीन इंस्टीट्यूट ऑफ वोल्केनोलॉजी एंड सीस्मोलॉजी के प्रमुख टेरेसिटो बैकोलकोल ने तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से सुरक्षित स्थानों और ऊंचे इलाकों में जाने की अपील की है। इसके अलावा ताइवान, जापान, गुआम, पापुआ न्यू गिनी और पश्चिमी प्रशांत महासागर के कई द्वीपीय क्षेत्रों में भी छोटी सुनामी लहरों की संभावना जताई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *