ओटीटी पर अपनी अलग पहचान बना चुकी सुपरहिट फ्रेंचाइजी ‘मिर्जापुर’ अब बड़े पर्दे पर दस्तक देने जा रही है। रिलीज से पहले फिल्म ने केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) की प्रक्रिया पूरी कर ली है। सेंसर बोर्ड की रिवाइजिंग कमेटी ने फिल्म को ‘A’ सर्टिफिकेट दिया है। इसका मतलब है कि फिल्म को सिर्फ 18 वर्ष से अधिक उम्र के दर्शक ही सिनेमाघरों में देख सकेंगे।
3 घंटे 17 मिनट की होगी फिल्म
‘मिर्जापुर: द मूवी’ की कुल अवधि 197 मिनट यानी करीब 3 घंटे 17 मिनट है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म की मुख्य कहानी में किसी बड़े कट का निर्देश नहीं दिया गया है। हालांकि, CBFC ने कुछ संवादों और दृश्यों में बदलाव करने को कहा है।
फिल्म में चार जगहों पर अपशब्दों को म्यूट किया गया है, जबकि छह स्थानों पर आपत्तिजनक शब्दों को बदलने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा जाति से जुड़े एक संदर्भ में भी संशोधन कराया गया है।
इंटीमेट सीन्स में 50 फीसदी बदलाव
सेंसर बोर्ड ने फिल्म के कुछ इंटीमेट और संवेदनशील दृश्यों में भी बदलाव करने के निर्देश दिए हैं। बोर्ड के आदेश के अनुसार, इन दृश्यों के विजुअल और ऑडियो प्रभाव को करीब 50 फीसदी तक कम किया गया है। इंटरवल से पहले और बाद के दो सीन्स में यह बदलाव किया गया है। बताया जा रहा है कि करीब 35 सेकंड के इंटीमेट कंटेंट को एडिट किया गया है।
खास बात यह है कि फिल्म के हिंसक और खूनी दृश्यों पर CBFC ने कोई कट नहीं लगाया है। ऐसे में ‘मिर्जापुर’ की डार्क और थ्रिलर वाली पहचान बड़े पर्दे पर भी देखने को मिलेगी।
पंकज त्रिपाठी ने बताया थिएटर का अनुभव
कालीन भैया के किरदार में नजर आने वाले पंकज त्रिपाठी फिल्म की रिलीज को लेकर उत्साहित हैं। उनका कहना है कि थिएटर में दर्शकों के साथ फिल्म देखने का अनुभव अलग होता है। उनके मुताबिक, ‘मिर्जापुर’ की दुनिया और किरदार वही रहेंगे, लेकिन इस बार कहानी का कैनवास काफी बड़ा होगा।
4 सितंबर को रिलीज होगी फिल्म
गुरमीत सिंह के निर्देशन और पुनीत कृष्णा की कहानी वाली ‘मिर्जापुर: द मूवी’ को रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर की एक्सेल एंटरटेनमेंट ने प्रोड्यूस किया है। फिल्म 4 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इसमें पंकज त्रिपाठी, अली फजल, दिव्येंदु, रसिका दुगल, श्वेता त्रिपाठी शर्मा, श्रिया पिलगांवकर, जितेंद्र कुमार, रवि किशन और अभिषेक बनर्जी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।