हिमाचल प्रदेश में मानसून के कारण हालात लगातार चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं। बारिश और इससे जुड़ी घटनाओं के चलते राज्य के कई हिस्सों में सड़क, बिजली और पेयजल सेवाएं प्रभावित हुई हैं। राज्य आपदा संचालन केंद्र की 31 अगस्त सुबह 10 बजे जारी रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में प्रदेश में 98 सड़कें बंद हुईं, जबकि 107 ट्रांसफॉर्मर और 37 पेयजल योजनाएं प्रभावित हुई हैं।
इससे एक दिन पहले यानी 30 अगस्त की शाम तक प्रदेश में 64 सड़कें, 226 ट्रांसफॉर्मर और 9 पेयजल योजनाएं प्रभावित थीं। इसके बाद सड़कें बंद होने की संख्या बढ़कर 98 पहुंच गई।
मंडी में सबसे ज्यादा सड़कें प्रभावित
जिला स्तर पर मंडी में बारिश का सबसे ज्यादा असर देखने को मिला है। यहां 43 सड़कें बंद हैं और 89 ट्रांसफॉर्मर प्रभावित हुए हैं। कुल्लू में 16 और चंबा में 15 सड़कें बंद हैं। इसके अलावा सोलन में 4, सिरमौर में 5 और शिमला में 2 सड़कें प्रभावित हुई हैं। कांगड़ा में 7 तथा ऊना में 4 सड़कें भी बंद हैं।
बिजली आपूर्ति के मोर्चे पर भी कई जिलों में परेशानी सामने आई है। वहीं पेयजल योजनाओं पर सबसे अधिक असर हमीरपुर में पड़ा है, जहां 37 जलापूर्ति योजनाएं बाधित हुई हैं।
मानसून सीजन में 253 लोगों की जान गई
30 जून से 30 अगस्त 2026 के बीच जारी संचयी आंकड़ों के अनुसार, हिमाचल प्रदेश में मानसून के दौरान अब तक 253 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें 104 मौतें प्राकृतिक आपदाओं और अन्य घटनाओं के कारण हुईं, जबकि 149 लोगों की जान सड़क हादसों में गई।
प्राकृतिक आपदाओं से सबसे अधिक 16-16 मौतें शिमला और कांगड़ा में दर्ज की गई हैं। सिरमौर में 14, चंबा में 13 और मंडी में 10 लोगों की मौत हुई है।
सड़क हादसों की बात करें तो सिरमौर और शिमला में 19-19, ऊना में 18, चंबा और कांगड़ा में 17-17 तथा कुल्लू में 16 मौतें दर्ज की गई हैं।
शिमला-कालका रूट पर 10 ट्रेनें रद्द
भारी बारिश के कारण शिमला-कालका छोटी लाइन पर रेल सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं। सोलन जिले में कोटी और गुम्मन रेलवे स्टेशनों के बीच ट्रैक के आसपास की मिट्टी खिसकने से पटरी का एक हिस्सा हवा में लटकता दिखाई दिया। सुरक्षा को देखते हुए रेलवे ने इस रूट पर टॉय ट्रेन का संचालन रोक दिया।
अधिकारियों के मुताबिक रविवार को कालका-शिमला के बीच चलने वाली 10 ट्रेनें रद्द की गईं। ट्रैक की स्थिति का निरीक्षण और उसे सुरक्षित किए जाने के बाद ही सेवाएं दोबारा शुरू करने पर फैसला लिया जाएगा।
3 सितंबर तक भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश के लिए अगले चार दिनों तक बारिश का अलर्ट जारी किया है। शिमला मौसम विज्ञान केंद्र ने 31 अगस्त से 3 सितंबर तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।
शनिवार शाम से प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। इस दौरान धौलाकुआं में 38.5 मिमी, घाघस में 30 मिमी, पालमपुर में 23.8 मिमी, मुरारी देवी में 22 मिमी, काहू में 11.6 मिमी और पंडोह में 10 मिमी बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने कुछ इलाकों में गरज के साथ बारिश और बिजली चमकने की भी संभावना जताई है। वहीं, 30 जून को मानसून के प्रदेश में पहुंचने के बाद से बारिश से जुड़ी घटनाओं के कारण हिमाचल को अब तक करीब 1,184 करोड़ रुपये का नुकसान हो चुका है।