मिर्जापुर की दुनिया एक बार फिर दर्शकों के बीच लौट आई है। अली फजल, पंकज त्रिपाठी और दिव्येंदु शर्मा स्टारर फिल्म ‘मिर्जापुर: द मूवी’ अब ओटीटी प्लेटफॉर्म पर दस्तक दे चुकी है। सिनेमाघरों में रिलीज होने के बाद से ही इस फिल्म की डिजिटल रिलीज का इंतजार किया जा रहा था। ऐसे में ओटीटी पर फिल्म के आने से उन दर्शकों को बड़ी राहत मिली है, जो इसे बड़े पर्दे पर नहीं देख पाए थे। खास बात यह है कि मेकर्स ने डिजिटल रिलीज के साथ दर्शकों को एक खास तोहफा भी दिया है। फिल्म को ओटीटी पर एक्सटेंडेड कट के साथ पेश किया गया है।
दरअसल, एक्सटेंडेड कट का मतलब है कि दर्शकों को फिल्म का वह अतिरिक्त कंटेंट भी देखने का मौका मिलेगा, जो थिएटर में रिलीज हुए वर्जन का हिस्सा नहीं था। यानी सिनेमाघरों में दिखाई गई कहानी के अलावा कुछ ऐसे सीन भी देखने को मिलेंगे, जिन्हें पहले फिल्म से हटा दिया गया था। इससे मिर्जापुर के प्रशंसकों को कहानी और किरदारों को पहले से ज्यादा करीब से समझने का मौका मिल सकता है।
प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम हुई ‘मिर्जापुर: द मूवी’
अगर आप भी अली फजल, पंकज त्रिपाठी और दिव्येंदु शर्मा की इस फिल्म को देखने का इंतजार कर रहे थे, तो अब आपका इंतजार खत्म हो गया है। ‘मिर्जापुर: द मूवी’ अमेजन प्राइम वीडियो पर स्ट्रीमिंग के लिए उपलब्ध है। दर्शक इसे हिंदी भाषा में देख सकते हैं। साथ ही फिल्म के साथ अंग्रेजी सबटाइटल्स का विकल्प भी दिया गया है, जिससे हिंदी न समझने वाले दर्शक भी इसकी कहानी का आनंद ले सकते हैं।
हालांकि, फिल्म देखने के लिए दर्शकों के पास प्राइम वीडियो का एक्टिव सब्सक्रिप्शन होना जरूरी है। प्लेटफॉर्म ने इसे अपने फेस्टिव लाइनअप के तहत रिलीज किया है। प्राइम वीडियो ने सोशल मीडिया पर फिल्म का अनाउंसमेंट पोस्टर साझा करते हुए लिखा, ‘भौकाल आ चुका है प्राइम वीडियो पर अभी देखें मिर्जापुर द मूवी।’
फिर देखने को मिलेगी मिर्जापुर की गद्दी की जंग
गुरमीत सिंह के निर्देशन में बनी ‘मिर्जापुर: द मूवी’ की कहानी एक बार फिर उसी दुनिया में ले जाती है, जहां सत्ता, बदले और वर्चस्व की लड़ाई हमेशा जारी रहती है। मिर्जापुर की गद्दी को लेकर पुरानी दुश्मनी और संघर्ष इस कहानी का अहम हिस्सा हैं। फिल्म में अली फजल गुड्डू पंडित, पंकज त्रिपाठी कालीन भैया और दिव्येंदु मुन्ना त्रिपाठी के किरदार में नजर आते हैं।
मिर्जापुर की लोकप्रियता को देखते हुए फिल्म की ओटीटी रिलीज दर्शकों के लिए किसी बड़े सरप्राइज से कम नहीं है। खासकर एक्सटेंडेड कट ने इसे और दिलचस्प बना दिया है। अब देखना होगा कि थिएटर के बाद ओटीटी पर भी यह फिल्म दर्शकों के बीच कितना भौकाल मचाती है।