मालवीय नगर अग्निकांड: होटल मालिक फरार, घर छोड़ सड़कों पर भटकता रहा

 

दिल्ली के मालवीय नगर में हुए भीषण हादसे के मुख्य आरोपी लवकेश बजाज को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसे आज करीब 2 बजे साकेत कोर्ट में पेश किया जाएगा, जहां पुलिस 3 से 4 दिन की रिमांड की मांग कर सकती है। पूछताछ के दौरान लवकेश बजाज ने कई अहम खुलासे किए हैं और आरोप लगाया है कि उससे काम में बदलाव “दिल्ली में सब चलता है” जैसी बात कहकर करवाए गए थे। घटना के बाद वह मौके से फरार हो गया था।

गिरफ्तारी से पहले पुलिस ने लवकेश बजाज और उसकी पत्नी के खिलाफ लुक-आउट सर्कुलर जारी किया था, ताकि दोनों देश से बाहर न जा सकें। आरोपी की तलाश में कई टीमें लगातार लगी हुई थीं। पूछताछ में उसने बताया कि घटना के बाद वह डर के कारण भाग गया और घर भी नहीं गया, बल्कि कुछ समय तक सड़कों पर भटकता रहा।

पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता के तहत गैर-इरादतन हत्या समेत अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज की है।

होटल मालिक और पार्टनर्स पर कसा शिकंजा, दिल्ली भर में फैला है नेटवर्क

जांच एजेंसियों के मुताबिक, जिस बिल्डिंग में होटल चल रहा था, उसका मालिक लवकेश बजाज है। वहीं, पर्यटन विभाग से होटल का लाइसेंस जय मिश्रा के नाम पर लिया गया था। पुलिस सूत्रों का कहना है कि इस होटल को तीन पार्टनर्स मिलकर ऑपरेट कर रहे थे, जिनका दिल्ली के कई इलाकों में होटलों और गेस्ट हाउसों का बड़ा नेटवर्क है। फिलहाल, पुलिस बाकी फरार पार्टनर्स की सरगर्मी से तलाश कर रही है।

न्यूज एजेंसी ANI ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी बजाज ने कई बड़े खुलासे किए हैं। बजाज के मुताबिक, उसने करीब तीन साल पहले ‘अहलुवालिया’ नामक एक पार्टी से यह बिल्डिंग किराए या लीज पर ली थी। उस वक्त इस जर्जर इमारत में एक खादी की दुकान हुआ करती थी, जिसे बाद में होटल और गेस्ट हाउस में तब्दील कर दिया गया। बजाज ने खुद को बचाने का दावा करते हुए कहा कि व्यस्तता के कारण वह खुद होटल नहीं संभाल पा रहा था, इसलिए उसने बिलिंग, अकाउंट्स और रोजमर्रा के कामकाज की पूरी जिम्मेदारी जय मिश्रा को सौंप रखी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *