यात्रियों से भरी बस पलटी, गाजीपुर में दर्दनाक हादसा, 24 लोग घायल

 

गाजीपुर के भांवरकोल थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम करीब 7 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पखनपुरा ईदगाह के पास यात्रियों से भरी एक प्राइवेट बस लगभग 30 फीट गहरे पानी से भरे गड्ढे में पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्री जान बचाने के लिए बस की खिड़कियों से बाहर निकलने लगे।

जानकारी के अनुसार, यह बस शाम करीब 5 बजे गाजीपुर के रौजा बस स्टैंड से बलिया जिले के भरौली के लिए रवाना हुई थी। बस में लगभग 50 यात्री सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गाजीपुर-बलिया नेशनल हाईवे-31 पर भारी जाम लगा हुआ था, जिससे चालक ने बस को पीछे कर वैकल्पिक रास्ते से निकालने की कोशिश की। इसी दौरान बस का पिछला पहिया सड़क किनारे बने पानी भरे गहरे गड्ढे में फिसल गया, जिससे वाहन असंतुलित होकर पलट गया।

हादसे के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और राहत कार्य शुरू कर दिया। बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने के लिए कई जगह खिड़कियां तोड़नी पड़ीं, जिसके बाद लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

स्थानीय लोगों ने पुलिस के पहुंचने से पहले ही बचाव अभियान संभाल लिया। इस दुर्घटना में लगभग दो दर्जन यात्री घायल हो गए, जिन्हें तुरंत एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भेजा गया।

वहीं हादसे में एक यात्री की मौत की खबर है, जबकि पानी भरे गड्ढे में गिरे एक अन्य व्यक्ति की तलाश अभी भी जारी है।

हादसे के बाद गाजीपुर-बलिया नेशनल हाईवे-31 पर यातायात पूरी तरह से बाधित हो गया और करीब दो घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही।

घटना की सूचना मिलते ही मोहम्मदाबाद की एसडीएम डॉ. हर्षिता तिवारी, एसपी ग्रामीण अतुल सोनकर के साथ-साथ मोहम्मदाबाद और भांवरकोल थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई।

प्रशासन की देखरेख में राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी रहा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *