दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी का प्रदर्शन शुरू हो गया है, जिसमें सोशल एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक भी शामिल हो रहे हैं। यह विरोध प्रदर्शन देशभर में सामने आए पेपर लीक मामलों और विभिन्न परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आयोजित किया जा रहा है।
कॉकरोच जनता पार्टी के प्रतिनिधि अभिजीत दीपके ने कहा कि प्रदर्शन के दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई जाएगी। उन्होंने पहले ही घोषणा की थी कि वह शनिवार सुबह दिल्ली पहुंचकर संसद मार्ग पुलिस थाने में प्रदर्शन की अनुमति के लिए आवेदन करेंगे और मंजूरी मिलने के बाद आंदोलन शुरू करेंगे।
हालांकि, दिल्ली पहुंचने पर स्थिति कुछ अलग रही। दिल्ली पुलिस के अधिकारी एयरपोर्ट पर ही अभिजीत दीपके से मिले और वहीं उन्हें प्रदर्शन की अनुमति दे दी गई। इसके बाद जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन की तैयारियां शुरू हो गईं। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को शाम 5 बजे तक धरना देने की अनुमति प्रदान की है।
अभिजीत दीपके ने एक्स पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि दिल्ली पुलिस ने उनके धरना-प्रदर्शन को मंजूरी दे दी है और सभी समर्थकों से जंतर-मंतर पहुंचने की अपील की है। उनके अनुसार, प्रदर्शन में शामिल होने के लिए समर्थक सुबह से ही संसद मार्ग पुलिस स्टेशन के आसपास जुटने लगे थे। हालांकि, अनुमति मिलने की प्रक्रिया अपेक्षा से आसान रही और पुलिस ने प्रदर्शन की इजाजत दे दी।
बोस्टन (अमेरिका) से दिल्ली पहुंचे अभिजीत दीपके शनिवार सुबह करीब आठ बजे राजधानी पहुंचे। शुरुआत में उन्होंने अपने समर्थकों को दिल्ली एयरपोर्ट पर एकत्र होने के लिए कहा था, लेकिन बाद में सोशल मीडिया के जरिए सभी से सीधे जंतर-मंतर पहुंचने का आग्रह किया। इसके बाद बड़ी संख्या में समर्थक प्रदर्शन स्थल की ओर बढ़ने लगे।
पेपर लीक और परीक्षा अनियमितताओं के खिलाफ आयोजित इस प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। जंतर-मंतर से लेकर एयरपोर्ट तक अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। इस आंदोलन में सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के भी शामिल होने की संभावना है।
कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के इस विरोध प्रदर्शन का मुख्य मुद्दा नीट पेपर लीक और सीबीएसई परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियां हैं। अभिजीत दीपके इन मामलों को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। वहीं, प्रदर्शन को लेकर दिल्ली पुलिस भी पूरी तरह सतर्क है और जंतर-मंतर पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शनिवार सुबह तक प्रदर्शन के लिए कोई औपचारिक आवेदन नहीं मिला था, लेकिन बाद में अभिजीत दीपके ने अधिकारियों से संपर्क कर अनुमति मांगी, जिसके बाद उन्हें निर्धारित समय तक धरना देने की मंजूरी दे दी गई।