11 मिलियन फॉलोअर्स पार करते ही चर्चा में आई Cockroach Janta Party, केजरीवाल कनेक्शन भी सुर्खियों में

 

सोशल मीडिया पर इन दिनों ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (Cockroach Janta Party) नाम का एक अकाउंट तेजी से चर्चा में है। बेहद कम समय में इस इंस्टाग्राम अकाउंट ने 11 मिलियन से ज्यादा फॉलोअर्स जुटा लिए हैं और इसकी लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। यह किसी पारंपरिक राजनीतिक दल की तरह काम नहीं करता, लेकिन बड़ी संख्या में लोग इससे जुड़ते नजर आ रहे हैं।

इस पूरे विवाद की शुरुआत 15 मई 2026 को सुप्रीम कोर्ट में हुई एक सुनवाई से मानी जा रही है। उस दौरान मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने कुछ लोगों के संदर्भ में ‘कॉकरोच’ और ‘पैरासाइट्स’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया था। उन्होंने कहा था कि कुछ लोग बिना उचित योग्यता के मीडिया, सोशल मीडिया और अन्य क्षेत्रों में प्रवेश कर व्यवस्था पर असर डालने की कोशिश करते हैं। हालांकि बाद में CJI ने स्पष्ट किया कि उनकी टिप्पणी बेरोजगार युवाओं के लिए नहीं, बल्कि फर्जी डिग्री और गलत तरीकों से आगे बढ़ने वाले लोगों के संदर्भ में थी।

हालांकि, CJI की सफाई आने से पहले ही उनका पुराना बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। इसके बाद बड़ी संख्या में युवाओं ने नाराजगी जताई और इसी माहौल के बीच ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ नाम का ऑनलाइन अभियान शुरू हुआ।

इस पहल के पीछे 30 वर्षीय अभिजीत दीपके का नाम सामने आया है। उन्होंने बोस्टन यूनिवर्सिटी से पब्लिक रिलेशंस में मास्टर डिग्री हासिल की है। CJI के बयान के अगले ही दिन अभिजीत ने X (पूर्व में Twitter) पर पोस्ट साझा करते हुए Google Form के जरिए युवाओं से ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ से जुड़ने की अपील की।

अभिजीत दीपके पहले दिल्ली में आम आदमी पार्टी सरकार के साथ कम्युनिकेशन और डिजिटल कैंपेनिंग से जुड़े रह चुके हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, 2020 से 2023 के बीच उन्होंने अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली AAP के सोशल मीडिया और चुनाव प्रचार अभियानों में काम किया था। दिल्ली विधानसभा चुनाव 2020 के दौरान वे मीम्स आधारित डिजिटल कैंपेन रणनीति संभाल रहे थे। बाद में उन्होंने सक्रिय राजनीति से दूरी बना ली और विदेश चले गए।

अभिजीत दीपके का कहना है कि यह कोई पहले से तय किया गया अभियान नहीं था। उनके मुताबिक, युवाओं के भीतर बेरोजगारी, शिक्षा व्यवस्था और अपनी बात न सुने जाने को लेकर लंबे समय से नाराजगी और निराशा थी, जो अब सोशल मीडिया के जरिए खुलकर सामने आ रही है।

‘Cockroach Janta Party’ के सोशल मीडिया अकाउंट्स तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं। करीब 55 पोस्ट के साथ इंस्टाग्राम पर इसके फॉलोअर्स की संख्या 11 मिलियन के पार पहुंच चुकी है। वहीं, इसकी वेबसाइट पर 2 लाख से ज्यादा लोग सदस्यता के लिए आवेदन कर चुके हैं। सदस्यता फॉर्म में हल्के-फुल्के और व्यंग्यात्मक विकल्प भी दिए गए हैं, जिनमें खुद को ‘बेरोजगार’, ‘आलसी’ या ‘क्रॉनिकली ऑनलाइन’ बताने जैसी शर्तें शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *