चीन के उत्तरी शानशी प्रांत से एक बड़े खदान हादसे की खबर सामने आई है। यहां एक कोयला खदान में हुए जोरदार विस्फोट ने भारी तबाही मचा दी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हादसे में कम से कम 8 मजदूरों की जान चली गई, जबकि 38 श्रमिक अभी भी खदान के अंदर फंसे हुए हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
रिपोर्ट्स के अनुसार, विस्फोट के समय खदान में कुल 247 मजदूर काम कर रहे थे। राहत और बचाव दल लगातार अंदर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने में जुटे हुए हैं। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने हादसे पर चिंता जताते हुए अधिकारियों को तेजी से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने और हर संभव मदद पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।
चीन की सरकारी समाचार एजेंसी ‘शिन्हुआ’ के मुताबिक, यह हादसा शुक्रवार शाम चांगझी शहर स्थित लियुशेन्यू कोयला खदान में हुआ। उस वक्त खदान के अंदर करीब 247 मजदूर काम कर रहे थे। हादसे के बाद तुरंत बड़े स्तर पर राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया। शनिवार सुबह तक 201 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि बाकी फंसे श्रमिकों की तलाश जारी है। अधिकारियों ने विस्फोट के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
रिपोर्ट के अनुसार, राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने बचाव अभियान में तेजी लाने और लापता मजदूरों को सुरक्षित निकालने के लिए हरसंभव प्रयास करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान कर सख्त कार्रवाई करने को भी कहा है। गौरतलब है कि शानशी प्रांत चीन का सबसे बड़ा कोयला उत्पादक इलाका माना जाता है। करीब 3.4 करोड़ आबादी वाले इस प्रांत में पिछले साल लगभग 1.3 अरब टन कोयले का उत्पादन हुआ था, जो देश के कुल कोयला उत्पादन का करीब एक-तिहाई हिस्सा है।