पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में शुक्रवार को जुमे की नमाज के दौरान एक मस्जिद में बड़ा धमाका हुआ। कोहाट शहर में हुए इस विस्फोट में 16 लोगों की मौत की खबर है, जबकि 50 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों में 11 आम नागरिक और पांच पुलिसकर्मी शामिल हैं। धमाके के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और सुरक्षा बलों ने पूरे क्षेत्र को घेर लिया।
फिदायीन हमले की आशंका
प्रोविंशियल पुलिस चीफ जुल्फिकार हमीद के अनुसार, मस्जिद में फिदायीन हमला किया गया। यह विस्फोट कोहाट में ओल्ड पुलिस लाइन के पास स्थित मस्जिद में हुआ। कोहाट, पेशावर से करीब 60 किलोमीटर की दूरी पर है। फिलहाल किसी भी आतंकी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।
धमाके की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि मस्जिद के बाहर जमीन पर गड्ढा बन गया। पुलिस के मुताबिक, विस्फोट के समय मस्जिद में बड़ी संख्या में लोग जुमे की नमाज अदा कर रहे थे। घायलों में अधिकांश नमाजी बताए जा रहे हैं।
अस्पताल पहुंचाए गए घायल
रेस्क्यू 1122 के प्रवक्ता बिलाल अहमद फैजी ने बताया कि सूचना मिलते ही राहत और बचाव दल घटनास्थल पर पहुंच गया। टीमों ने घायलों को बाहर निकालकर आसपास के अस्पतालों में पहुंचाना शुरू किया। जिला मुख्यालय अस्पताल के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट ताहिर अली शाह के मुताबिक, 50 से अधिक घायलों और 15 शवों को अस्पताल लाया गया।
पाकिस्तान में पहले भी हो चुके हैं मस्जिद धमाके
पाकिस्तान में धार्मिक स्थलों को निशाना बनाकर पहले भी कई हमले हो चुके हैं। इसी साल फरवरी में इस्लामाबाद के तरलाई इलाके में खदीजातुल कुबरा मस्जिद-सह-इमामबाड़ा में आत्मघाती विस्फोट हुआ था। उस हमले में 70 से अधिक लोगों की मौत और करीब 250 लोगों के घायल होने की खबर सामने आई थी।