हरिद्वार में निठारी कांड से जुड़े सुरेंद्र कोली की संदिग्ध मौत, चाय की दुकान में मिला शव

हरिद्वार: देश के चर्चित निठारी कांड से जुड़े रहे सुरेंद्र कोली की हरिद्वार में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव उत्तरी हरिद्वार के सप्त सरोवर क्षेत्र में लालमाता मंदिर के सामने स्थित एक चाय की दुकान से बरामद हुआ। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी।

पुलिस के मुताबिक, सप्त ऋषि पुलिस चौकी को सप्त सरोवर रोड स्थित एक चाय की दुकान में व्यक्ति के मृत अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक की पहचान ग्राम मंगरुखाल, भिकियासैंण, अल्मोड़ा निवासी सुरेंद्र कोली के रूप में की। पुलिस ने उसके परिजनों को भी घटना की जानकारी दे दी है।

जानकारी के अनुसार, सुरेंद्र कोली पिछले कुछ समय से हरिद्वार में रह रहा था और किराए पर चाय का खोखा चलाता था। प्रारंभिक जांच के दौरान पुलिस को दुकान से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। ऐसे में उसकी मौत की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और मामले की सभी संभावित पहलुओं से जांच की जा रही है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होने की उम्मीद है।

निठारी कांड से जुड़ा था नाम

सुरेंद्र कोली का नाम 2005-06 में नोएडा के निठारी इलाके में सामने आए हत्याकांड से जुड़ा था। मामले की जांच के दौरान नोएडा की एक कोठी के पीछे नाले से मानव अवशेष मिलने के बाद यह मामला देशभर में चर्चित हुआ था। कोली पर कई मामलों में मुकदमे चले और उसे अलग-अलग मामलों में दोषी भी ठहराया गया।

हालांकि, बाद में अदालतों में इन मामलों में उसे राहत मिली। जुलाई 2025 में सुप्रीम कोर्ट ने 12 मामलों में बरी किए जाने के इलाहाबाद हाईकोर्ट के फैसले को बरकरार रखा था। इसके बाद नवंबर 2025 में शीर्ष अदालत ने लंबित अंतिम मामले में भी उसकी दोषसिद्धि रद्द करते हुए उसे बरी कर दिया था।

अब हरिद्वार में उसकी मौत के बाद पुलिस जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम और अन्य जांच के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति साफ हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *