ऑस्कर 2027 में भारत की ओर से कौन-सी फिल्म आधिकारिक तौर पर दावेदारी पेश करेगी, इसका फैसला हो गया है। इस बार देश की ओर से किसी बॉलीवुड फिल्म को नहीं, बल्कि मराठी सिनेमा की फिल्म ‘गोंधल’ को चुना गया है। फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया ने इसे भारत की आधिकारिक एंट्री के तौर पर चयनित किया है। इसके साथ ही ‘गोंधल’ अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करेगी।
इस साल अलग-अलग भारतीय भाषाओं में बनी कुल 33 फिल्मों ने ऑस्कर के लिए अपनी दावेदारी पेश की थी। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच चयन समिति ने ‘गोंधल’ को चुना। फिल्म अब बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी में भारत की ओर से आगे बढ़ेगी। हालांकि, ऑस्कर की अंतिम दौड़ में शामिल होने के लिए इसे आगे की चयन प्रक्रिया से गुजरना होगा।
क्या है ‘गोंधल’ की कहानी?
संतोष डावखर के निर्देशन में बनी ‘गोंधल’ की कहानी ग्रामीण महाराष्ट्र की पृष्ठभूमि में बुनी गई है। फिल्म में पारंपरिक गोंधल अनुष्ठान को कहानी का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया गया है। इसकी मुख्य किरदार सुमन एक ऐसे विवाह में फंस जाती है, जहां उसकी शादी आर्थिक रूप से संपन्न आनंद से होती है, लेकिन वह गोंधली कलाकार साहेबा से प्रेम करती है।
अपनी जिंदगी से इस रिश्ते को हटाने के लिए सुमन एक खतरनाक योजना तैयार करती है। वह आनंद के चचेरे भाई सरजेराव की उसके प्रति दीवानगी का इस्तेमाल करती है और उसे अपराध की ओर धकेल देती है। इसके बाद कहानी प्रेम, लालच, छल, सत्ता और आजादी की चाह के बीच एक मनोवैज्ञानिक थ्रिलर का रूप लेती है।
कौन-कौन कलाकार हैं फिल्म में?
फिल्म का निर्देशन करने के साथ इसकी कहानी और पटकथा भी संतोष डावखर ने लिखी है। फिल्म में किशोर कदम, इशिता देशमुख, योगेश सोहोनी और निषाद भोईर प्रमुख भूमिकाओं में हैं। इनके अलावा सुरेश विश्वकर्मा, अनुज प्रभु, माधवी जुवेकर, ऐश्वर्या शिंदे, कैलाश वाघमारे, पूनम पाटील और विठ्ठल काले भी अहम किरदार निभाते नजर आते हैं।
‘गोंधल’ को लेकर दर्शकों और समीक्षकों के बीच चर्चा रही है। फिल्म को IMDb पर 8.9 की रेटिंग मिलने का भी दावा किया गया है। अब देखना होगा कि भारत की ओर से ऑस्कर की रेस में पहुंची यह मराठी फिल्म अंतरराष्ट्रीय चयन प्रक्रिया में कितना आगे बढ़ती है।