आईपीएल के किसी भी एक सीजन में अब तक किसी खिलाड़ी ने इतने रिकॉर्ड नहीं तोड़े थे, जितने 15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में अपने नाम किए हैं। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ एलिमिनेटर मुकाबले में उन्होंने मात्र 29 गेंदों पर 97 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 12 छक्के शामिल रहे। इस पारी के दम पर उन्होंने एक ही झटके में कई बड़े रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए। अब क्वालीफायर-2 में उनके शानदार फॉर्म को देखते हुए एक और ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करने का सुनहरा अवसर उनके सामने है।
आईपीएल में सबसे तेज 100 छक्के लगाने का रिकॉर्ड तोड़ने का मौका वैभव सूर्यवंशी के पास है। आईपीएल 2026 का क्वालीफायर-2 मुकाबला 29 मई को न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर स्टेडियम में गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेला जाएगा। इस मैच में वैभव सूर्यवंशी के पास क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ने का सुनहरा अवसर रहेगा, जिन्होंने 37 पारियों में 100 छक्के पूरे किए थे।
वहीं वैभव सूर्यवंशी ने अब तक आईपीएल में 22 पारियों में 42.36 की औसत से 932 रन बनाए हैं और 89 छक्के जड़ चुके हैं। अगर वह गुजरात टाइटंस के खिलाफ क्वालीफायर-2 में 11 और छक्के लगाने में सफल रहते हैं, तो वह आईपीएल इतिहास में सबसे कम पारियों में 100 छक्के पूरे करने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे।
क्रिस गेल के रिकॉर्ड के साथ-साथ वैभव सूर्यवंशी के पास आंद्रे रसेल को पीछे छोड़ने का भी मौका है। आईपीएल में 100 छक्के सबसे कम गेंदों में लगाने का रिकॉर्ड फिलहाल आंद्रे रसेल के नाम दर्ज है, जिन्होंने सिर्फ 657 गेंदों में यह उपलब्धि हासिल की थी।
वहीं वैभव सूर्यवंशी अब तक 402 गेंदों का सामना कर चुके हैं और अगर वह इस रफ्तार को जारी रखते हैं तो यह रिकॉर्ड उनके नाम हो सकता है। इसके अलावा, इस मुकाबले में अगर वह 68 रन और जोड़ लेते हैं तो उनके आईपीएल में 1000 रन पूरे हो जाएंगे। इसके साथ ही वह सबसे तेज 1000 रन बनाने वाले खिलाड़ियों की सूची में संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर पहुंच जाएंगे।
आईपीएल इतिहास में सबसे कम पारियों में 1000 रन बनाने का रिकॉर्ड शॉन मार्श के नाम है, जिन्होंने केवल 21 पारियों में यह उपलब्धि हासिल की थी।