15 जून को कैंची धाम में हाईटेक सुरक्षा, AI कैमरों से होगी हर गतिविधि पर नजर

 

बाबा नीब करौरी के प्रसिद्ध कैंची धाम में 15 जून को लगने वाले वार्षिक मेले को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस बार मेले की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए पुलिस और प्रशासन आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल करने जा रहे हैं।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए एआई आधारित स्मार्ट कैमरे लगाए जाएंगे, जिनकी मदद से भीड़ नियंत्रण, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई करना आसान होगा।

पुलिस कंट्रोल रूम से इन कैमरों के जरिए मंदिर में आने और बाहर जाने वाले श्रद्धालुओं की निगरानी की जाएगी। प्रशासन की योजना के अनुसार एआई कैमरे दो प्रमुख स्थानों पर लगाए जाएंगे — एक कैंची धाम की सीढ़ियों के पास और दूसरा बाहर निकलने वाले मार्ग पर।

एसपी संचार रेवाधर मठपाल ने बताया कि मेले की सुरक्षा व्यवस्था को हाईटेक बनाने के लिए एआई आधारित पीपल हेड काउंट कैमरे, एएनपीआर कैमरे, आईपी बेस्ड पब्लिक एड्रेस सिस्टम और पुलिस के दो कंट्रोल रूम स्थापित किए जाएंगे। इसके लिए सर्वे का काम पूरा कर लिया गया है और रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है। उन्होंने कहा कि कैंची धाम मेले से पहले यह पूरा सिस्टम चालू कर दिया जाएगा।

हर साल जून में आयोजित होने वाले इस मेले में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु बाबा नीब करौरी के दर्शन के लिए पहुंचते हैं, जिससे पुलिस और प्रशासन के सामने भीड़ और ट्रैफिक प्रबंधन एक बड़ी चुनौती बन जाता है। इस बार इस चुनौती से निपटने के लिए आधुनिक तकनीक का सहारा लिया जा रहा है।

भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कई स्थानों पर एएनपीआर कैमरे लगाए जाएंगे। ये कैमरे नियमों के उल्लंघन और वाहनों की आवाजाही पर लगातार नजर रखेंगे, जिससे जाम की स्थिति को नियंत्रित किया जा सके।

इन कैमरों को रूसी बैंड-1, रूसी बैंड-2, नैनी बैंड-1, नैनी बैंड-2, पनीराम का डाबा, बारापत्थर, तल्लीताल डांठ, भवाली के पास भवाली मार्ग, भवाली-हल्द्वानी मार्ग, नैनीताल डीएसए पार्किंग, मेट्रोपोल पार्किंग और सूखाताल पार्किंग जैसे प्रमुख स्थानों पर स्थापित किया जाएगा।

कैंची धाम, निगल्टा, कैंची धाम पार्किंग गेट, मुख्य द्वार, नैनीताल स्थित डीएसए पार्किंग, सूखाताल पार्किंग, घोड़ा स्टैंड और रिक्शा स्टैंड सहित कई प्रमुख स्थानों पर वायरलेस लाउडस्पीकर सिस्टम लगाए जाएंगे।

इस व्यवस्था के जरिए पुलिस कंट्रोल रूम से सीधे श्रद्धालुओं को सूचना दी जा सकेगी। इसमें पार्किंग फुल होने या अन्य जरूरी अपडेट की जानकारी लाउडस्पीकर के माध्यम से समय-समय पर प्रसारित की जाएगी, ताकि भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था को सुचारू रखा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *