रूस की चेतावनी: विदेशी नागरिक तुरंत छोड़ें कीव, बड़े हमले की आशंका; अमेरिका से भी हुई बातचीत

 

यूक्रेन युद्ध के बीच रूस ने मंगलवार को कीव में यूक्रेन के रक्षा ढांचे को निशाना बनाकर “लगातार और योजनाबद्ध हमलों” की चेतावनी दी है। साथ ही रूस ने यूक्रेन में मौजूद विदेशी नागरिकों को तुरंत कीव छोड़ने की सलाह दी है।

अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, यूक्रेन के स्टारोबिलस्क में हुए अब तक के सबसे घातक ड्रोन हमले के बाद रूसी विदेश मंत्रालय ने यह बयान जारी किया। इस हमले में 18 लोगों की जान गई और 42 लोग घायल हुए थे।

रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव में रक्षा उद्योग से जुड़े ठिकानों पर लगातार और योजनाबद्ध हमले शुरू करने की बात कही है। रूसी सेना का दावा है कि इन हमलों में ड्रोन के डिजाइन, उत्पादन और प्रोग्रामिंग से जुड़ी इकाइयों के साथ-साथ उन्हें ऑपरेशन के लिए तैयार करने वाली सुविधाएं भी शामिल हैं।

रूस के विदेश मंत्रालय ने आरोप लगाया कि कीव प्रशासन इन ड्रोनों का इस्तेमाल NATO विशेषज्ञों की मदद से करता है, जो न केवल पुर्जे उपलब्ध कराते हैं बल्कि जासूसी और लक्ष्य निर्धारण से जुड़े डेटा भी साझा करते हैं।

इसी बीच, रूसी विदेश मंत्रालय (MFA) ने विदेशी नागरिकों से तत्काल कीव छोड़ने की अपील की है। साथ ही स्थानीय लोगों को सैन्य और प्रशासनिक ढांचे के आसपास न जाने की सलाह दी गई है। मंत्रालय ने कहा कि ये सुविधाएं पूरे शहर में फैली हुई हैं, इसलिए राजनयिक मिशनों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के कर्मचारियों सहित सभी विदेशी नागरिकों को जल्द से जल्द शहर छोड़ देना चाहिए। रूसी पक्ष ने कीव निवासियों से भी अपील की है कि वे सरकार से जुड़े सैन्य व प्रशासनिक प्रतिष्ठानों से दूरी बनाए रखें।

इस बीच, अमेरिका और रूस के विदेश मंत्रियों के बीच बातचीत हुई है। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव से फोन पर चर्चा की, जिसमें रूस-यूक्रेन युद्ध और ईरान से जुड़े हालात पर विचारों का आदान-प्रदान किया गया। अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता टॉमी पिगॉट ने बताया कि यह बातचीत रूसी पक्ष की पहल पर हुई थी। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों और मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों पर भी बात की।

उधर, रूस के विदेश मंत्रालय ने बयान जारी कर कहा कि लावरोव ने यूक्रेन की सेना से जुड़े कीव स्थित ठिकानों पर जारी हमलों की जानकारी दी। उनके अनुसार, ये हमले “सुनियोजित और निरंतर” हैं और रूस का दावा है कि यह कार्रवाई कीव की ओर से रूसी क्षेत्र में नागरिक ठिकानों और आम लोगों पर हो रहे कथित हमलों के जवाब में की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *