IPL 2026 में प्लेऑफ में जगह पक्की करने के बाद राजस्थान रॉयल्स के लिए एक नई चिंता सामने आई है। टीम के अनुभवी ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा इन दिनों चोट से जूझ रहे हैं, जिससे उनकी फिटनेस को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
राजस्थान रॉयल्स के मुख्य कोच कुमार संगकारा ने इस बात का खुलासा किया है कि जडेजा पिछले कुछ समय से इंजरी के साथ खेल रहे हैं और टीम मैनेजमेंट उनकी स्थिति को बेहद सावधानी से संभाल रहा है।
मुंबई इंडियंस के खिलाफ ‘करो या मरो’ मुकाबले में जडेजा ने टीम में वापसी की और इम्पैक्ट सब्स्टीट्यूट के रूप में मैदान पर उतरे। इस मैच में उन्होंने 11 गेंदों पर 19 रनों की तेजतर्रार पारी खेलकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
इससे पहले वह लगातार दो मैचों में उपलब्ध नहीं थे। जडेजा दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मुकाबलों से बाहर रहे थे, जिससे उनकी फिटनेस को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई थीं।
जडेजा की फिटनेस पर चिंता बरकरार
मैच के बाद राजस्थान रॉयल्स के हेड कोच कुमार संगकारा ने रवींद्र जडेजा की फिटनेस को लेकर अहम बयान दिया। उन्होंने बताया कि जडेजा अभी पूरी तरह फिट नहीं हैं और उनकी चोट को देखते हुए टीम उन्हें काफी संभलकर इस्तेमाल कर रही है। संगकारा के मुताबिक, लंबे समय तक बल्लेबाजी करना जडेजा के शरीर पर अतिरिक्त दबाव डालता है, इसलिए उन्हें सावधानी से मैनेज किया जा रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि दो दिन के आराम के बाद जडेजा और बेहतर स्थिति में टीम के लिए उपलब्ध हो सकेंगे।
जानकारी के अनुसार, जडेजा इस समय घुटने और कोहनी की समस्या से परेशान हैं, जिसकी वजह से उन्हें जरूरत के मुताबिक ही मैदान पर उतारा जा रहा है। इससे पहले राजस्थान के बल्लेबाजी कोच विक्रम राठौर ने भी बताया था कि जडेजा के घुटने में हल्की चोट है, जिसके चलते उन्हें कुछ मैचों में आराम दिया गया था।
प्लेऑफ में राजस्थान रॉयल्स का सामना SRH से
राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग की फिटनेस को लेकर भी सवाल बने हुए हैं। मुंबई इंडियंस के खिलाफ मिली जीत के बाद पराग ने खुद स्वीकार किया कि वह पूरी तरह फिट नहीं हैं और चोट के बावजूद टीम के लिए मैदान पर उतरे हैं। उन्होंने कहा कि यह उनकी मानसिक मजबूती का नतीजा था, क्योंकि शुरुआत में उनका उस मैच में खेलने का कोई प्लान नहीं था और संभव है कि वे अगला मुकाबला भी मिस करते। इसके बावजूद उन्होंने टीम की जरूरत को देखते हुए खेलने का फैसला लिया।
पराग ने रवींद्र जडेजा की फिटनेस पर भी प्रतिक्रिया दी और बताया कि ‘जड्डू भाई’ हल्की-फुल्की चोटों से जूझ रहे हैं, लेकिन वह एक जुझारू खिलाड़ी हैं और जल्द ही मजबूत वापसी करेंगे।
अब जब राजस्थान रॉयल्स ने प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर ली है, टीम की सबसे बड़ी उम्मीद यही है कि उसके प्रमुख खिलाड़ी पूरी तरह फिट होकर नॉकआउट मुकाबलों में उतरें। प्लेऑफ में राजस्थान का सामना सनराइजर्स हैदराबाद से 27 मई को मुल्लांपुर में होगा।