दिल्ली-NCR में मौसम ने ली करवट, आसमान में छाए काले बादल और शुरू हुई बारिश

 

दिल्ली-एनसीआर में पिछले कई दिनों से पड़ रही झुलसा देने वाली गर्मी के बीच शनिवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली। सुबह की शुरुआत तेज धूप और उमस के साथ हुई, लेकिन कुछ ही समय बाद आसमान में घने काले बादल छा गए। इसके बाद राजधानी और आसपास के कई इलाकों में बारिश शुरू हो गई, जबकि तेज हवाओं ने मौसम को और सुहावना बना दिया।

मौसम विभाग ने पहले ही आंधी और बारिश की संभावना जताई थी, जो अब सच साबित हुई। बारिश होने के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को भीषण गर्मी से काफी राहत मिली। गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से दिल्ली का तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच रहा था, जिससे लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया था।

मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को पंजाब, हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में लू जैसे हालात बने रहे। राजधानी दिल्ली में गर्मी का असर इतना ज्यादा था कि तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया।

दिल्ली के सफदरजंग मौसम केंद्र में अधिकतम तापमान 43.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 3.1 डिग्री ज्यादा रहा। हालांकि, यह एक दिन पहले के मुकाबले 0.3 डिग्री कम था। वहीं न्यूनतम तापमान 29.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 2.6 डिग्री अधिक रहा, लेकिन पिछली रात की तुलना में इसमें भी 2.6 डिग्री की गिरावट देखी गई।

स्काइमेट वेदर के मौसम विशेषज्ञ महेश पलावत ने कहा कि जून की शुरुआत के साथ ही मानसून पूर्व गतिविधियां तेज हो सकती हैं, जिससे दिल्ली-एनसीआर के लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

शुक्रवार को राजधानी के अलग-अलग इलाकों में भीषण गर्मी का असर साफ देखने को मिला। पालम इलाके में अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि लोधी रोड में पारा 43.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। रिज क्षेत्र सबसे ज्यादा गर्म रहा, जहां तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। वहीं आयानगर में अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *