इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का सीजन खत्म हुए अभी ज्यादा समय नहीं हुआ है, लेकिन फ्रेंचाइजियों ने अगले संस्करण की तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी कड़ी में दिल्ली कैपिटल्स को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के अनुसार, भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व स्टार ऑलराउंडर युवराज सिंह IPL 2027 में दिल्ली कैपिटल्स के सपोर्ट स्टाफ का हिस्सा बन सकते हैं।
युवराज सिंह की संभावित एंट्री के साथ-साथ पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली की भी दिल्ली कैपिटल्स में वापसी की चर्चा तेज हो गई है। गांगुली इससे पहले भी फ्रेंचाइजी के सपोर्ट स्टाफ में अहम भूमिका निभा चुके हैं। ऐसे में दोनों दिग्गजों की मौजूदगी टीम के लिए नए सीजन में बड़ा बदलाव साबित हो सकती है।
युवा खिलाड़ियों को निखारने में निभा रहे अहम भूमिका
पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, पूर्व भारतीय ऑलराउंडर युवराज सिंह IPL 2027 में दिल्ली कैपिटल्स के बल्लेबाजी कोच की जिम्मेदारी संभाल सकते हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और सभी फ्रेंचाइजी लीग से संन्यास लेने के बाद युवराज युवा प्रतिभाओं को तराशने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उनके मार्गदर्शन में अभिषेक शर्मा, प्रभसिमरन सिंह और प्रियांश आर्या जैसे खिलाड़ियों ने खुद को बेहतर बनाया है और IPL 2026 में शानदार प्रदर्शन कर अपनी छाप छोड़ी। अगर यह नियुक्ति होती है, तो यह पहली बार होगा जब युवराज सिंह किसी IPL फ्रेंचाइजी के आधिकारिक कोचिंग सेटअप का हिस्सा बनेंगे।
IPL 2026 में उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी दिल्ली कैपिटल्स
दिल्ली कैपिटल्स के लिए IPL 2026 का अभियान काफी निराशाजनक रहा। टीम ने सीजन की शुरुआत दमदार अंदाज में की थी, लेकिन टूर्नामेंट आगे बढ़ने के साथ उसका प्रदर्शन लगातार कमजोर पड़ता गया। लीग चरण के 14 मुकाबलों में टीम सिर्फ 7 मैच जीत सकी, जबकि उसे 7 में हार का सामना करना पड़ा। इसी कारण दिल्ली प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो गई।
टीम के खराब प्रदर्शन के बाद कप्तान अक्षर पटेल और मुख्य कोच हेमंग बदानी के कई फैसले सवालों के घेरे में आए। ऐसे में फ्रेंचाइजी अगले सीजन से पहले अपने कोचिंग ढांचे में बड़े बदलाव करने की तैयारी में है। रिपोर्ट्स के अनुसार, युवराज सिंह और सौरव गांगुली की एंट्री लगभग तय मानी जा रही है। इसके अलावा टीम के स्क्वाड में भी कई अहम बदलाव देखने को मिल सकते हैं।