रूस और यूक्रेन के बीच जारी संघर्ष एक बार फिर बेहद हिंसक रूप ले चुका है, जहां दोनों देशों द्वारा रातभर की गई ताबड़तोड़ मिसाइल और ड्रोन बमबारी में कुल 7 लोगों की मौत हो गई और दर्जनों घायल हो गए। यूक्रेन में जहां रूसी मिसाइलों ने खार्किव के एक बहुमंजिला अपार्टमेंट पर हमला कर 2 लोगों की जान ले ली और 13 को घायल कर दिया, वहीं ओडेसा के ब्लैक सी पोर्ट पर हुए हमलों में 8 लोग घायल हुए।
यूक्रेन के पास मुख्य सुरक्षा कवच के रूप में सिर्फ अमरीकी ‘पैट्रियट सिस्टम’ मौजूद है, लेकिन इंटरसेप्टर मिसाइलों की भारी कमी के कारण वह रूसी हमलों को पूरी तरह रोक नहीं पा रहा है। इस कमी से निपटने के लिए राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की लगातार अमरीका से अतिरिक्त एयर डिफेंस की मांग कर रहे हैं, साथ ही वे यूक्रेन में ही पैट्रियट के निर्माण की अनुमति या एलन मस्क के स्टारलिंक सैटेलाइट सिस्टम का इस्तेमाल कर रूस के अंदर मिसाइल लॉन्चर्स को सटीक निशाना बनाने की मंजूरी चाहते हैं।
दूसरी ओर, यूक्रेन ने भी जोरदार पलटवार करते हुए रूस के सीमावर्ती इलाकों और एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाया है, जिससे रूस में ईंधन (फ्यूल) का संकट गहराने लगा है। यूक्रेन के ड्रोन हमलों से रूस के बेलगोरोड में एक 4 साल के बच्चे समेत 5 लोगों की मौत हो गई और दो दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए, जबकि 29 अपार्टमेंट ब्लॉक, 5 मकान और कई प्रशासनिक इमारतें क्षतिग्रस्त हुईं।
इसके अलावा, नोवोरोस्सिय्स्क शहर में भी ड्रोन का मलबा गिरने से इमारतों को नुकसान पहुंचा और एक व्यक्ति घायल हुआ। वहीं रूसी रक्षा मंत्रालय ने रातभर में 153 यूक्रेनी ड्रोन मार गिराने का दावा करते हुए खार्किव में ड्रोन वेयरहाउस और ओडेसा में सेना के फ्यूल डिपो को नष्ट करने की बात कही है, लेकिन लगातार हो रहे हमलों से दोनों पक्षों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।