पटना में ब्लैकआउट के दौरान अपराधियों का वार, मसाला कारोबारी की हत्या से दहशत

बिहार की राजधानी पटना से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां ब्लैकआउट के दौरान गोलीबारी की वारदात हुई। जानकारी के अनुसार, सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत कल रात एक मसाला कारोबारी की अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी।

बताया जा रहा है कि पटना में रात 7:00 बजे से 7:15 बजे तक ब्लैकआउट और मॉक ड्रिल किया गया था। इसी दौरान मुसल्लहपुर हाट इलाके में बदमाशों ने पिंटू कुमार नामक मसाला व्यापारी को निशाना बनाकर उसकी हत्या कर दी।

यह पूरी घटना उस समय हुई जब केंद्र और राज्य सरकार के निर्देश पर सुरक्षा तैयारियों के तहत ब्लैकआउट अभ्यास चल रहा था। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

घटना के दौरान पिंटू कुमार को सिर में गोली लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़े। ब्लैकआउट के बीच हुई इस वारदात के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सवार दो बदमाश मसाला कारोबारी की दुकान पर पहुंचे और अंधेरा होते ही अचानक फायरिंग कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

सूचना मिलते ही सुलतानगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। एफएसएल टीम और डॉग स्क्वायड ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे आपसी रंजिश, व्यापारिक विवाद या अन्य कारण हो सकते हैं, जिसकी सभी एंगल से जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (PMCH) भेज दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी एसपी (पूर्वी) परिचय कुमार खुद घटनास्थल पर पहुंचे और जांच की कमान संभाली।

उन्होंने बताया कि घटना के समय शाम 7:00 बजे से 7:15 बजे तक ब्लैकआउट और मॉक ड्रिल चल रहा था, इसी दौरान अपराधियों ने मसाला कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने कहा है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *