पाकिस्तान क्रिकेट टीम इन दिनों मैदान के अंदर और बाहर लगातार विवादों में बनी हुई है। इंग्लैंड दौरे पर टीम के खराब प्रदर्शन के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने बड़ा कदम उठाते हुए स्क्वाड में शामिल सात खिलाड़ियों को वापस बुला लिया था। इन खिलाड़ियों में अनुभवी बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान और इमाम उल हक भी शामिल थे। अब दोनों खिलाड़ियों से जुड़ा एक नया मामला सामने आया है, जिसने पाकिस्तान क्रिकेट में हलचल बढ़ा दी है।
रिपोर्ट के मुताबिक, इंग्लैंड दौरे के दौरान पाकिस्तानी टीम के ड्रेसिंग रूम से महत्वपूर्ण जानकारियां बाहर आने की शिकायत के बाद मामले की जांच शुरू की गई है। इसी सिलसिले में रिजवान और इमाम उल हक को पाकिस्तान की नेशनल साइबर क्राइम इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NCCIA) के सामने पेश होना पड़ा। दोनों खिलाड़ियों से 10 सितंबर को करीब चार घंटे तक पूछताछ की गई।
PCB की शिकायत पर शुरू हुई जांच
पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, PCB ने अनुशासन और खिलाड़ियों के व्यवहार से जुड़ी मीडिया रिपोर्टों के सामने आने के बाद आंतरिक जांच शुरू की थी। इसी दौरान ड्रेसिंग रूम से जानकारी लीक होने का मामला भी जांच के दायरे में आया। PCB के प्रवक्ता ने माना है कि कुछ क्रिकेटरों से संबंधित जांच चल रही है, हालांकि बोर्ड ने फिलहाल इस मामले में विस्तार से जानकारी साझा करने से इनकार किया है।
मोबाइल फोन भी जांच के लिए जमा
NCCIA के नोटिस के बाद रिजवान और इमाम पूछताछ के लिए पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि दोनों खिलाड़ियों के मोबाइल फोन पहले ही NCCIA को सौंपे जा चुके हैं और उनकी फोरेंसिक जांच की जा सकती है। पूछताछ के बाद दोनों ने लिखित जवाब देने के लिए एजेंसी से कुछ समय मांगा है।
रिजवान और इमाम पहले से ही इंग्लैंड दौरे में खराब प्रदर्शन को लेकर आलोचकों के निशाने पर थे। ऐसे में साइबर क्राइम जांच ने दोनों खिलाड़ियों के भविष्य को लेकर चर्चा और तेज कर दी है।