भारत की कार्रवाई के बाद भी नहीं सुधरा पाकिस्तान, फिर खड़े किए जा रहे आतंकी ठिकाने

 

नई दिल्ली: भारत के ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान में आतंकी संगठनो के खिलाफ कार्रवाई को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। इसी बीच सामने आए एक एक्सक्लूसिव वीडियो ने दावा किया है कि ऑपरेशन सिंदूर में क्षतिग्रस्त किए गए कुछ आतंकी ठिकानों पर दोबारा निर्माण शुरू हो गया है। वीडियो में पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर (PoJK) के कुछ इलाकों में नए निर्माण के संकेत दिखाई दे रहे हैं।

बताया जा रहा है कि बहावलपुर, सवाई नाला और मुजफ्फराबाद में मौजूद आतंकी ठिकानों को ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय हमलों में नुकसान पहुंचा था। अब इन स्थानों पर नई ईंटों और दीवारों के जरिए निर्माण किए जाने की तस्वीरें सामने आई हैं।

लश्कर और जैश के ठिकाने फिर तैयार?

सामने आए वीडियो में सवाई नाला स्थित लश्कर-ए-तैयबा के कथित कैंप में निर्माण कार्य दिखाई देता है। इस ठिकाने को आतंकियों के ठहरने से जोड़कर देखा जाता है। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय सेना ने इसे निशाना बनाया था।

वहीं, मुजफ्फराबाद में जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े मरकज सैदा बिलाल कैंप की तस्वीरें भी सामने आई हैं। यहां भी क्षतिग्रस्त हिस्सों की जगह नए निर्माण के संकेत मिल रहे हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि आतंकी ढांचे को दोबारा सक्रिय करने की कोशिश की जा रही है।

पहलगाम हमले के बाद शुरू हुआ था ऑपरेशन सिंदूर

22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की जान गई थी। इसके बाद भारत ने 6-7 मई की रात ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान और PoJK में मौजूद आतंकी ठिकानों पर सटीक हमले किए थे। जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान ने ड्रोन और मिसाइल हमलों की कोशिश की, जिन्हें भारत ने नाकाम किया। करीब 88 घंटे तक चले सैन्य तनाव के बाद 10 मई को दोनों देशों के बीच संघर्ष रुक गया था।

अब आतंकी ठिकानों के कथित पुनर्निर्माण का वीडियो सामने आने के बाद पाकिस्तान की भूमिका और आतंकी नेटवर्क को लेकर फिर सवाल उठने लगे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *