जग्गू भगवानपुरिया गैंग का गुर्गा नीतीश कौशल पकड़ा गया, अमेरिका ने हाल ही में जारी की थी वांटेड लिस्ट

 

अमेरिकी संघीय जांच एजेंसी (FBI) ने अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध सिंडिकेट के खिलाफ अपनी कार्रवाई को तेज करते हुए कुख्यात जग्गू भगवानपुरिया गैंग के गैंगस्टर नीतीश कौशल को गिरफ्तार कर लिया है। नीतीश को अमेरिका के वरमोंट (Vermont) से गिरफ्तार किया गया है। गौर करने वाली बात यह है कि अमेरिकी प्रशासन ने इस गिरफ्तारी से महज दो दिन पहले ही उसे अपनी ‘मोस्ट वांटेड’ सूची में शामिल किया था।

यह कार्रवाई FBI द्वारा अंतरराष्ट्रीय अपराध नेटवर्क के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन हार्ड बॉल’ (Operation Hard Ball) के तहत की गई है।

क्राइम सिंडिकेट का अहम मोहरा है नीतीश

FBI के अनुसार, नीतीश कौशल अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय एक बड़े संगठित अपराध सिंडिकेट का सक्रिय सदस्य है। उस पर हत्या, नशीले पदार्थों की तस्करी, फिरौती, अपहरण, हथियारों की तस्करी, हवाला कारोबार और मानव तस्करी (ह्यूमन ट्रैफिकिंग) जैसे गंभीर मामलों में शामिल होने का आरोप है। पंजाब से शुरू हुए जग्गू भगवानपुरिया गैंग का यह सिंडिकेट अब अमेरिका के कैलिफोर्निया समेत दुनिया के कई देशों में अपना पैर पसार चुका है। नीतीश ने इस गैंग के इशारे पर अपहरण और हिंसक हमलों जैसी कई वारदातों को अंजाम दिया था।

कैलिफोर्निया कोर्ट ने जारी किया था वारंट

सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट ऑफ कैलिफोर्निया की फेडरल कोर्ट ने इसी साल 25 जून को नीतीश कौशल के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। उस पर ‘रैकेटियर इन्फ्लुएंस्ड एंड करप्ट ऑर्गेनाइजेशन्स’ (RICO) कानून के तहत आपराधिक साजिश रचने का मुकदमा दर्ज है।

क्या है ‘ऑपरेशन हार्ड बॉल’?

अंतरराष्ट्रीय अपराध सिंडिकेट्स पर नकेल कसने के लिए FBI ‘ऑपरेशन हार्ड बॉल’ चला रही है। इस ऑपरेशन के तहत अब तक अमेरिका, कनाडा और यूरोप में 50 से अधिक ठिकानों पर छापेमारी की जा चुकी है, जिसमें भारी मात्रा में ड्रग्स और प्रतिबंधित हथियार बरामद हुए हैं। इस अभियान के निशाने पर मुख्य रूप से लॉरेंस बिश्नोई, जग्गू भगवानपुरिया और गोल्डी बराड़ के वैश्विक नेटवर्क हैं।

अमेरिकी ग्रैंड ज्यूरी के मुताबिक, जग्गू भगवानपुरिया गैंग का ड्रग्स और हथियारों की तस्करी का यह नेटवर्क भारत, अमेरिका, मेक्सिको और कनाडा तक फैला हुआ है, जिसे अब इस कार्रवाई के जरिए ध्वस्त किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *