पटना में खान सर की मुश्किलें लगातार बढ़ती नजर आ रही हैं। एक ओर उनके खिलाफ दर्ज मामले को लेकर गिरफ्तारी की चर्चा तेज है, वहीं दूसरी ओर उनके कोचिंग संस्थान की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ गए हैं। बिहार अग्निशमन सेवा के DIG मनोज कुमार नट ने बताया कि खान ग्लोबल स्टडीज के निरीक्षण के दौरान फायर सेफ्टी से जुड़ी कई खामियां सामने आई हैं। विभाग ने संस्थान को आवश्यक मानकों का पालन करने के लिए 15 दिनों का समय दिया है। अधिकारियों के मुताबिक तय समय सीमा के भीतर कमियों को दूर नहीं किया गया तो कोचिंग संस्थान के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सकती है, जिसमें उसे बंद करने का कदम भी शामिल है।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, राज्यभर में होटल, अस्पताल और कोचिंग संस्थानों में अग्नि सुरक्षा मानकों की जांच के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। दिल्ली और मुजफ्फरपुर में हुए अग्निकांडों के बाद बिहार अग्निशमन विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में विभिन्न संस्थानों का निरीक्षण किया जा रहा है। जांच के दौरान पटना के चार अस्पतालों और एक होटल में फायर सेफ्टी से जुड़ी गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समय के भीतर कमियों को दूर नहीं किया गया तो संबंधित संस्थानों को सील करने जैसी सख्त कार्रवाई की जा सकती है।
अधिकारियों के अनुसार, जिन पांच संस्थानों के खिलाफ सीलिंग की कार्रवाई की चेतावनी दी गई है, उनमें कुणाल होटल, एडवांस पटना सेंट्रल हॉस्पिटल, आरोग्यवर्धन हॉस्पिटल, पिनेकल हॉस्पिटल, श्याम ट्रस्ट रिसर्च हॉस्पिटल और अपेक्स हॉस्पिटल शामिल हैं। बिहार अग्निशमन सेवा के DIG मनोज कुमार नट ने कहा कि सभी संस्थानों को सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करना चाहिए। उन्होंने लोगों और संस्थान संचालकों से अपील की कि वे सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और आम नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।