कंगना रनौत को लगा बड़ा झटका, 100 करोड़ की फिल्म ने कमाए सिर्फ 2 करोड़

 

हिंदी सिनेमा की चर्चित अभिनेत्री और भाजपा सांसद कंगना रनौत इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ को लेकर सुर्खियों में हैं, जो 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। फिल्म की रिलीज से पहले कंगना के करियर की उस फिल्म की चर्चा भी तेज हो गई है, जिसे उनकी सबसे बड़ी बॉक्स ऑफिस असफलताओं में गिना जाता है।

करीब पांच साल पहले रिलीज हुई यह फिल्म तमिलनाडु की पूर्व मुख्यमंत्री और दिग्गज अभिनेत्री जे. जयललिता के जीवन पर आधारित थी। फिल्म का नाम ‘Thalaivii’ था, जिसमें कंगना रनौत ने जयललिता का किरदार निभाया था। उनके अभिनय को दर्शकों और समीक्षकों दोनों ने सराहा, लेकिन शानदार परफॉर्मेंस के बावजूद फिल्म बॉक्स ऑफिस पर दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में नाकाम रही। नतीजा यह रहा कि बड़े बजट में बनी यह फिल्म कमाई के मामले में उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकी और टिकट खिड़की पर बुरी तरह फ्लॉप साबित हुई।

जयललिता के किरदार को पर्दे पर जीवंत करने के लिए कंगना रनौत ने कड़ी मेहनत की थी। उन्होंने अपने लुक, बॉडी लैंग्वेज और अभिनय पर विशेष ध्यान दिया था, जिससे वह पूरी तरह इस भूमिका में ढल गई थीं। फिल्म में उनके प्रदर्शन की काफी सराहना भी हुई, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर ‘थलाइवी’ को दर्शकों का अपेक्षित समर्थन नहीं मिल सका। फिल्म की कमजोर कमाई कंगना के लिए किसी बड़े झटके से कम नहीं थी। 10 सितंबर 2021 को रिलीज हुई इस बायोपिक का निर्देशन एल. विजय ने किया था।

‘थलाइवी’ में कंगना रनौत के अलावा अरविंद स्वामी, राज अर्जुन, भाग्यश्री, फ्लोरा जैकब और रेजिना कैसेंड्रा जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आए थे। फिल्म की कहानी के. वी. विजयेंद्र प्रसाद और विजयन बाला ने लिखी थी, जबकि इसका निर्माण शैलेश आर. सिंह और विष्णुवर्धन पुरी ने किया था। हालांकि बड़े सितारों और दमदार विषय के बावजूद फिल्म बॉक्स ऑफिस पर दर्शकों को आकर्षित नहीं कर सकी। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत से बनी इस फिल्म ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर महज 1.46 करोड़ रुपये का लाइफटाइम कलेक्शन किया था।

नर्स की भूमिका में नजर आएंगी कंगना

इस बीच कंगना रनौत अपनी नई फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ को लेकर चर्चा में हैं, जो 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। इस फिल्म में कंगना एक नर्स की भूमिका निभाती दिखाई देंगी। मनोज तापड़िया के निर्देशन में बनी इस फिल्म में गिरिजा ओक, स्मिता तांबे और प्रसाद ओक भी महत्वपूर्ण किरदारों में हैं। फिल्म की कहानी मुंबई में हुए 26/11 आतंकी हमलों की पृष्ठभूमि पर आधारित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *