FIFA World Cup में लियोनेल मेसी का नया कीर्तिमान, दुनिया में कोई नहीं कर पाया ऐसा

 

फुटबॉल के महानतम खिलाड़ियों में गिने जाने वाले लियोनेल मेसी ने एक बार फिर इतिहास रच दिया है। अर्जेंटीना के स्टार कप्तान ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 में अल्जीरिया के खिलाफ मुकाबले में मैदान पर उतरते ही ऐसा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया, जो अब तक दुनिया का कोई भी फुटबॉलर हासिल नहीं कर पाया था। इस उपलब्धि के साथ मेसी ने अपने शानदार करियर में एक और सुनहरा अध्याय जोड़ते हुए विश्व फुटबॉल में अपनी विरासत को और मजबूत कर दिया।

कंसास सिटी में अल्जीरिया के खिलाफ खेले गए मुकाबले में जैसे ही लियोनेल मेसी अर्जेंटीना की शुरुआती एकादश का हिस्सा बनकर मैदान पर उतरे, उन्होंने विश्व फुटबॉल में एक नया इतिहास रच दिया। मेसी अब छह अलग-अलग फीफा वर्ल्ड कप में खेलने वाले दुनिया के पहले फुटबॉलर बन गए हैं। इस मैच ने उनके करियर में एक और खास उपलब्धि जोड़ी, क्योंकि यह अर्जेंटीना की राष्ट्रीय टीम के लिए उनका 200वां अंतरराष्ट्रीय मुकाबला भी था।

इससे पहले जर्मनी के लोथार मैथाउस, मेक्सिको के राफेल मार्केज, आंद्रेस गार्डाडो और एंटोनियो कार्बाजाल, साथ ही जर्मनी के मैनुएल नोयर पांच-पांच वर्ल्ड कप खेलने का रिकॉर्ड साझा करते थे। हालांकि, मेसी ने इन सभी दिग्गजों को पीछे छोड़ते हुए अकेले इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर अपना नाम दर्ज करा लिया है।

हालांकि पुर्तगाल के स्टार खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो के पास भी इस वर्ल्ड कप में अपना छठा टूर्नामेंट खेलने का मौका है, लेकिन फिलहाल छह फीफा वर्ल्ड कप में हिस्सा लेने का रिकॉर्ड केवल मेसी के नाम दर्ज है।

लियोनेल मेसी का वर्ल्ड कप करियर उपलब्धियों से भरा रहा है। 2022 में कतर में आयोजित फीफा वर्ल्ड कप के दौरान उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए सात गोल किए थे। फाइनल मुकाबले में फ्रांस के खिलाफ मेसी ने दो महत्वपूर्ण गोल दागे और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। पेनल्टी शूटआउट में भी उन्होंने अर्जेंटीना के लिए पहला सफल प्रयास किया, जिसके बाद टीम ने 36 साल के लंबे इंतजार को खत्म करते हुए 1986 के बाद पहली बार विश्व कप खिताब जीता।

अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में मेसी के आंकड़े भी उनकी महानता को दर्शाते हैं। अर्जेंटीना के लिए 200 मुकाबले खेलने वाले इस दिग्गज खिलाड़ी ने अब तक 118 गोल किए हैं, जबकि 64 गोल कराने में भी योगदान दिया है। वहीं, वर्ल्ड कप इतिहास में उनके नाम 27 मैचों में 14 गोल और 8 असिस्ट दर्ज हैं, जो उन्हें टूर्नामेंट के सबसे प्रभावशाली खिलाड़ियों में शामिल करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *