उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में बारिश और भूस्खलन के बीच एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। सोमेश्वर थाना क्षेत्र के वड्यूडा गांव में भूस्खलन के कारण एक मकान अचानक ढह गया। हादसे के वक्त मकान के अंदर मौजूद तीन लोग मलबे में दब गए। रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद तीनों के शव बरामद कर लिए गए। वहीं, मकान के बाहर बने कमरे में सो रहा एक व्यक्ति हादसे में बाल-बाल बच गया।
घटना की जानकारी मिलते ही SDRF, पुलिस, फायर सर्विस और अन्य राहत टीमें मौके के लिए रवाना हुईं। हालांकि, घटनास्थल तक पहुंचने में टीमों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। घटनास्थल से करीब तीन किलोमीटर पहले ही सड़क पर भारी मलबा जमा होने के कारण रास्ता बंद था। इसके बाद SDRF की टीम जरूरी रेस्क्यू उपकरण लेकर पैदल ही घटनास्थल तक पहुंची।
मलबे में दबे तीन लोगों की मौत
मौके पर पहुंचने के बाद SDRF ने स्थानीय लोगों, फायर सर्विस और जिला पुलिस के साथ मिलकर सर्च एवं रेस्क्यू अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद मलबे को हटाकर तीन लोगों के शव बाहर निकाले गए।
मृतकों की पहचान 42 वर्षीय प्रेमा देवी, 19 वर्षीय कल्पना आर्या और 18 वर्षीय मनीष कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
मकान के बाहर सो रहा व्यक्ति बचा
हादसे के दौरान गुलाब राम नाम का एक व्यक्ति मकान के बाहर बने कमरे में सो रहा था। मकान के ढहने के बावजूद वह सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहा। इस घटना में उसकी जान बच गई।
CM धामी ने हादसे पर जताया शोक
हादसे की जानकारी मिलने के बाद उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुख जताया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। सीएम धामी ने कहा कि अतिवृष्टि और भूस्खलन के कारण हुई जनहानि बेहद पीड़ादायक है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिवारों को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।