पतंजलि की दवाओं और घी को लेकर रामदेव का बड़ा दावा, बोले- अफवाहों पर न दें ध्यान

नई दिल्ली: पतंजलि के उत्पादों को लेकर सामने आ रही चर्चाओं के बीच योग गुरु स्वामी रामदेव ने बुधवार को दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने पतंजलि की दवाओं पर प्रतिबंध लगाए जाने और घी में मिलावट से जुड़े आरोपों को खारिज किया। रामदेव ने कहा कि कंपनी के खिलाफ पिछले कुछ समय से अलग-अलग तरह की भ्रांतियां फैलाई जा रही हैं।

रामदेव ने दावा किया कि सुप्रीम कोर्ट ने पतंजलि की किसी दवा पर प्रतिबंध नहीं लगाया है। उन्होंने कहा कि पतंजलि की दवाएं अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप हैं और किसी भी दवा को देश या विदेश की किसी एजेंसी ने निर्धारित मानकों पर कमतर नहीं पाया है।

पतंजलि घी में मिलावट के आरोपों पर भी रामदेव ने सफाई दी। उन्होंने कहा कि घी को किसी भी प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा जा सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कभी घी में चर्बी तो कभी हड्डी होने जैसी बातें सामने आईं, जिससे लोगों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा हुई।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान रामदेव ने पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सिंह ने पहले सुनी-सुनाई बातों के आधार पर बयान दिया था, लेकिन बाद में मुलाकात के दौरान उनकी भ्रांतियां दूर हो गईं। रामदेव के मुताबिक, पतंजलि की ओर से उनके खिलाफ दायर मानहानि का मुकदमा भी वापस ले लिया गया है।

रामदेव ने ड्रग्स एंड रेमेडीज एक्ट में बदलाव की मांग भी दोहराई। उन्होंने कहा कि इस कानून में बदलाव को लेकर प्रधानमंत्री के सामने भी मांग रखी गई है।

इसके अलावा रामदेव ने दावा किया कि पतंजलि से करीब पांच लाख लोगों को रोजगार मिला है और भविष्य में इतनी ही संख्या में और लोगों को रोजगार देने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि योग, आयुर्वेद और भारतीय परंपरा को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने का प्रयास जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *