रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध में रविवार को तनाव और बढ़ गया। यूक्रेन ने रूस के कई इलाकों को निशाना बनाते हुए 1,000 से अधिक ड्रोन से हमला किया। इनमें करीब 450 ड्रोन मॉस्को की दिशा में भेजे जाने की जानकारी सामने आई है। रूसी अधिकारियों के अनुसार, इस बड़े ड्रोन हमले में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 20 लोग घायल हुए हैं।
एसोसिएटेड प्रेस (AP) की रिपोर्ट के मुताबिक, यूक्रेन के इस हमले में रूस की राजधानी मॉस्को को भी निशाना बनाया गया। मॉस्को के मेयर सर्गेई सोबयानिन ने इसे राजधानी पर अब तक हुए सबसे बड़े ड्रोन हमलों में से एक बताया। उन्होंने कहा कि हमले के कारण मॉस्को ऑयल रिफाइनरी और एक रिहायशी इमारत को नुकसान पहुंचा है।
ड्रोन हमले में दो लोगों की मौत
मॉस्को क्षेत्र के गवर्नर आंद्रेई वोरोब्योव ने बताया कि हमले में दो लोगों की जान गई है। मृतकों में 74 वर्षीय एक व्यक्ति और 44 वर्षीय महिला शामिल हैं। हमले में घायल हुए करीब 20 लोगों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने भी हमले को लेकर सोशल मीडिया पर जानकारी साझा की। उन्होंने दावा किया कि हमले में अलग-अलग प्रकार के ड्रोन और मिसाइलों का इस्तेमाल किया गया। इनमें यूक्रेन में निर्मित फ्लेमिंगो और पेलिकन मिसाइलें भी शामिल थीं।
जेलेंस्की के अनुसार, हमलों का मुख्य निशाना रूस की तेल और लॉजिस्टिक्स से जुड़ी सुविधाएं थीं। उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई का उद्देश्य रूस की युद्ध क्षमता और उसकी अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाना है।
यह हमला ऐसे समय हुआ है जब रूस में संसदीय चुनाव का तीसरा और अंतिम दिन चल रहा था।