एशियन गेम्स में महिला क्रिकेट प्रतियोगिता अब अपने निर्णायक दौर में पहुंच गई है। क्वार्टर फाइनल मुकाबले खत्म होने के साथ ही सेमीफाइनल में पहुंचने वाली चारों टीमों के नाम तय हो गए हैं। भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश ने सेमीफाइनल में जगह बना ली है। खास बात यह है कि सेमीफाइनल में भारत और पाकिस्तान आमने-सामने नहीं होंगे, हालांकि दोनों टीमों के बीच फाइनल मुकाबला होने की संभावना बनी हुई है।
भारतीय महिला टीम ने क्वार्टर फाइनल में जापान को 8 विकेट से हराकर सेमीफाइनल का टिकट हासिल किया। इससे पहले श्रीलंका ने मलेशिया को 86 रन से मात दी। वहीं पाकिस्तान ने थाईलैंड को तीन विकेट से हराकर अंतिम चार में प्रवेश किया। बांग्लादेश और चीन के बीच मुकाबला बारिश की वजह से पूरा नहीं हो सका। बेहतर रैंकिंग के आधार पर बांग्लादेश को सेमीफाइनल में जगह मिल गई।
20 सितंबर को होंगे दोनों सेमीफाइनल
सेमीफाइनल के दोनों मुकाबले 20 सितंबर को खेले जाएंगे। दिन के पहले मुकाबले में श्रीलंका और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने होंगी। यह मैच भारतीय समयानुसार सुबह 5:30 बजे शुरू होगा।
इसके बाद भारत और बांग्लादेश के बीच दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला खेला जाएगा। भारतीय समय के मुताबिक यह मैच सुबह 10:30 बजे शुरू होगा। दोनों मुकाबलों में जीत दर्ज करने वाली टीमें सीधे फाइनल में पहुंचेंगी।
फाइनल में हो सकती है भारत-पाकिस्तान भिड़ंत
भारत और पाकिस्तान की टीमें अगर अपने-अपने सेमीफाइनल मुकाबले जीत लेती हैं, तो एशियन गेम्स के फाइनल में दोनों का सामना हो सकता है। महिला क्रिकेट का फाइनल 22 सितंबर को खेला जाएगा। फाइनल जीतने वाली टीम को गोल्ड मेडल मिलेगा।